👉#डिटर्जेंट और केमिकल से तैयार हो रहा था नकली दूध
#रक्षाबंधन से पहले खाद्य विभाग की छापेमारी में खुलासा, 30 लीटर दूध-खोया नष्ट
#तेल, लॉन्ड्री लिक्विड और संदिग्ध रसायन बरामद, बरेली तक सप्लाई की जानकारी
शाहजहाँपुर। रक्षाबंधन से पहले खाद्य सुरक्षा विभाग और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में दूध में मिलावट के कथित कारोबार का खुलासा हुआ है। गढ़िया रंगीन थाना क्षेत्र के कन्हानी नगला देहात माली गांव में टीम ने एक घर पर छापा मारकर करीब 30 लीटर दूध और खोया बरामद किया। तलाशी के दौरान रिफाइंड सोयाबीन ऑयल, लॉन्ड्री लिक्विड डिटर्जेंट और अज्ञात रसायन भी मिले। खाद्य विभाग ने दूध और खोया नष्ट करा दिया, जबकि बरामद सामग्री को सीज कर दिया गया।
सहायक आयुक्त विनीत कुमार के नेतृत्व में टीम ने मुन्नालाल पुत्र राम भरोसे के घर पर कार्रवाई की। खाद्य विभाग के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने कथित तौर पर बताया कि वह कई वर्षों से मिलावटी दूध तैयार कर रहा था और रसायनों की मदद से प्रतिदिन करीब 50 से 60 लीटर दूध तैयार करता था। विभाग के मुताबिक इस दूध को आसपास से एकत्र किए गए दूध में मिलाकर आगे सप्लाई किया जाता था।
पूछताछ में बरेली के फतेहगंज स्थित सृजनी दुग्ध केंद्र तक दूध की आपूर्ति किए जाने की बात सामने आने का दावा किया गया है। मामले की जानकारी बरेली के संबंधित अधिकारियों को भी दी गई है। अब जांच में यह पता लगाया जा रहा है कि कथित मिलावटी दूध कहां-कहां पहुंचाया जाता था और इसमें अन्य कौन लोग शामिल हैं।
टीम ने दूध, खोया, रिफाइंड सोयाबीन ऑयल, लॉन्ड्री लिक्विड डिटर्जेंट और अज्ञात रसायन के नमूने लेकर प्रयोगशाला जांच के लिए भेजे हैं। बरामद सामग्री सीज कर पुलिस की अभिरक्षा में सौंप दी गई। आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर उसे पुलिस अभिरक्षा में दिया गया है।
इसी अभियान के तहत दूसरी टीम ने हथौड़ा बुजुर्ग स्थित मामा स्वीट्स पर छापा मारकर पेड़े का नमूना लिया। नमूना भी जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
कार्रवाई में मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी सुभाष तिवारी के साथ खाद्य सुरक्षा अधिकारी विनय कुमार यादव, मनोज कुमार और सौरभ सोनी शामिल रहे।