आईसीयू मरीजों के पोषण के लिए मानकीकृत दिशानिर्देश और डायटेटिक्स छात्रों की इंटर्नशिप नीति पर हुआ मंथन
पंचकूला, 21 अगस्त 2026।
स्वर्ण जयंती हरियाणा इंस्टीट्यूट फॉर फिस्कल मैनेजमेंट (एसजेएचआईएफएम) के राज्य समर्थन मिशन के तहत पंचकूला के सेक्टर-3 स्थित कार्यालय में आईसीयू मरीजों के लिए मानकीकृत एंटरल एवं पैरेंट्रल पोषण दिशानिर्देश तथा डायटेटिक्स एवं न्यूट्रिशन विद्यार्थियों के लिए हरियाणा इंटर्नशिप नीति को लेकर हितधारक परामर्श बैठक आयोजित की गई।
बैठक का आयोजन एसजेएचआईएफएम के महानिदेशक डॉ. राज नेहरू के नेतृत्व में किया गया। इसमें विभिन्न विभागों के प्रतिनिधियों, चिकित्सा संस्थानों, तकनीकी विशेषज्ञों और अन्य संबंधित हितधारकों ने भाग लिया। बैठक में आईसीयू मरीजों को पोषण उपलब्ध कराने की मौजूदा व्यवस्था, सामने आने वाली चुनौतियों और अस्पतालों में पोषण संबंधी सेवाओं को मानकीकृत करने की जरूरत पर चर्चा हुई।
राज्य समर्थन मिशन की टीम ने दोनों विषयों के उद्देश्यों और मौजूदा व्यवस्था में सुधार की संभावनाओं पर जानकारी दी। विशेषज्ञों ने आईसीयू में पोषण प्रबंधन, अस्पताल की रसोई और डाइट तैयार करने की व्यवस्थाओं तथा बेहतर मानकों की आवश्यकता पर अपने अनुभव साझा किए।
बैठक में डायटेटिक्स एवं न्यूट्रिशन विद्यार्थियों के लिए इंटर्नशिप व्यवस्था को भी मजबूत करने पर चर्चा हुई। प्रतिभागियों ने विद्यार्थियों और संस्थानों के सामने आने वाली चुनौतियों तथा इंटर्नशिप के लिए एक व्यवस्थित हरियाणा नीति तैयार करने की आवश्यकता पर विचार रखे।
तकनीकी सत्र में जीएमसीएच सेक्टर-32 चंडीगढ़, पीजीआई रोहतक, पीजीआईएमईआर चंडीगढ़ और जीएमएसएच सेक्टर-16 चंडीगढ़ के विशेषज्ञों एवं प्रतिनिधियों ने आईसीयू पोषण और इंटर्नशिप से जुड़ी मौजूदा गाइडलाइंस, मानक संचालन प्रक्रियाओं और बेहतर कार्यप्रणालियों की जानकारी साझा की।
तकनीकी कार्य समूह बनाने का निर्णय
परामर्श बैठक का प्रमुख निष्कर्ष तकनीकी कार्य समूह गठित करने का निर्णय रहा। यह समूह आईसीयू मरीजों के लिए प्रस्तावित मानकीकृत एंटरल एवं पैरेंट्रल पोषण दिशानिर्देश और डायटेटिक्स एवं न्यूट्रिशन विद्यार्थियों के लिए प्रस्तावित हरियाणा इंटर्नशिप नीति को आगे विकसित करने के लिए तकनीकी सुझाव देगा।
बैठक के अंत में संबंधित विभागों के नोडल अधिकारियों और तकनीकी विशेषज्ञों को सम्मानित किया गया तथा धन्यवाद ज्ञापित किया गया। आयोजकों के अनुसार यह पहल हरियाणा में आईसीयू मरीजों की पोषण देखभाल को अधिक मानकीकृत और व्यावहारिक बनाने के साथ डायटेटिक्स एवं न्यूट्रिशन विद्यार्थियों के लिए व्यवस्थित इंटर्नशिप अवसर मजबूत करने में महत्वपूर्ण साबित हो सकती है।
#पंचकूला #हरियाणा #आईसीयूपोषण #डायटेटिक्स #न्यूट्रिशन #इंटर्नशिप #स्वास्थ्यसेवा #पीजीआईएमईआर #सच्ची_खबर_सटीक_विश्लेषण