जनपद जालौन में तथागत गौतम बुद्ध की प्रतिमा खंडितः ग्रामीणों में आक्रोश, एक हिरासत में, गांव में भारी पुलिस बल तैनात
जनपद जालौन के माधौगढ़ क्षेत्रान्तर्गत गोहन थाना क्षेत्र के सरावन गांव के मजरा बदनपुरा में बुधवार सुबह तथागत गौतम बुद्ध की प्रतिमा खंडित कर दी गई। इस घटना से क्षेत्र में तनाव फैल गया और ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखा गया। गांव के पार्क में स्थापित प्रतिमा को क्षतिग्रस्त किया गया था। अराजक तत्वों ने प्रतिमा की आंखों पर पट्टी भी बांध दी थी। सुबह जब ग्रामीण पार्क पहुंचे, तब उन्होंने प्रतिमा की यह स्थिति देखी, जिसके बाद पूरे गांव में खबर तेजी से फैल गई। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुच गए और उन्होंने प्रतिमा को क्षतिग्रस्त करने वाले अराजक तत्वों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए प्रदर्शन किया। स्थानीय लोगों ने इसे आपसी सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश बताया। सूचना पर पुलिस के अधिकारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझा-बुझाकर शांत कराया और स्थिति को नियंत्रण में लिया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक संदिग्ध व्यक्ति को हिरासत में लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जांच के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।
Orai, Jalaun | Jun 10, 2026