अंधेरे में हुआ संतों का नगर प्रवेश, पहले ही दिन खुल गई अर्धकुंभ मेले की व्यवस्थाओं की पोल!
जूना अखाड़े के रमता पंचों के नगर प्रवेश के दौरान रोशनी तक के इंतजाम नहीं, सवाल—जब संतों के स्वागत में ही अव्यवस्था तो अर्धकुंभ का आयोजन कैसे होगा?
हरिद्वार। अर्धकुंभ मेला 2027 की तैयारियों और व्यवस्थाओं को लेकर प्रशासन भले ही बड़े-बड़े दावे कर रहा हो, लेकिन संतों के नगर प्रवेश के दौरान सामने आई अव्यवस्था ने इन दावों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। जूना अखाड़े के रमता पंचों के नगर प्रवेश के दौरान स्वागत के समय अंधेरा पसरा रहा। संतों के आगमन जैसे महत्वपूर्ण अवसर पर पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था तक नजर नहीं आई।
संतों का नगर प्रवेश अर्धकुंभ मेले की परंपराओं और धार्मिक महत्व से जुड़ा महत्वपूर्ण आयोजन है। ऐसे अवसर पर व्यवस्थाओं की यह स्थिति मेला प्रशासन की तैयारियों की हकीकत बयां करती नजर आई। जब संतों के स्वागत के लिए ही समुचित इंतजाम नहीं हो पाए तो आने वाले समय में लाखों श्रद्धालुओं और साधु-संतों की भीड़ के बीच व्यवस्थाएं किस तरह संभाली जाएंगी?
अर्धकुंभ मेले को लेकर करोड़ों रुपये की योजनाएं बनाई जा रही हैं। सड़कों, लाइटों, सौंदर्यीकरण और अन्य सुविधाओं पर काम होने के दावे किए जा रहे हैं। लेकिन जमीनी तस्वीर इन दावों से अलग दिखाई दे रही है।
सवाल यह भी है कि क्या मेला प्रशासन केवल कागजों पर तैयारियां पूरी दिखाना चाहता है या धरातल पर भी व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने की जिम्मेदारी निभाएगा? संतों के नगर प्रवेश के दौरान सामने आई यह तस्वीर प्रशासन के लिए चेतावनी है कि अभी भी समय है, व्यवस्थाओं को गंभीरता से सुधारा जाए।
हरिद्वार स्तम्भ का सवाल: अर्धकुंभ मेले का आयोजन बड़े-बड़े दावों से नहीं, बल्कि धरातल पर मजबूत व्यवस्थाओं से होगा। अगर शुरुआत ही अंधेरे और अव्यवस्था से हो रही है तो आगे क्या होगा?
हरिद्वार स्तम्भ | वासुदेव राजपूत
Haridwar Stambh Vasudev
#अर्धकुंभ2027 #हरिद्वार #हरिद्वारस्तम्भ #जूनागढ़केरमतापंच #संतोंकानगरप्रवेश #कुंभमेलातैयारी #मेलाप्रशासन #अंधेरेमेंसंतोंकास्वागत #व्यवस्थाओंकीखुलीपोल #कुंभमेला #हरिद्वारन्यूज़ #उत्तराखंडन्यूज़ #ArdhKumbh2027 #HaridwarNews #HaridwarStambh #VasudevRajput