थौरी के पास स्कूल बस और कंटेनर में जोरदार टक्कर, 15 बच्चे घायल
जगदीशपुर। भाले सुल्तान थाना क्षेत्र के थौरी के पास अयोध्या मार्ग पर सोमवार सुबह करीब 11 बजे स्कूली बस और कंटेनर की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में आरपीएस एकेडमी, अलीनगर के 15 बच्चे घायल हो गए। बस चालीस बच्चों को उनके घर छोड़ने जा रही थी।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घायल बच्चों को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। पुलिस के अनुसार आदर्श सरोज (10) के दाहिने पैर में फ्रैक्चर, जबकि आकांक्षा पुत्री संजय चौहान (15) के सिर में चोट लगी है। अन्य बच्चों को साधारण चोटें आई हैं।
घायलों में प्राची मिश्रा (14), दिशांत यादव (12), अमर कनौजिया (13), आकांक्षा मिश्रा (11), श्रद्धा मौर्य (15), आर्यन मिश्रा (14), अर्शिया बानो (10), दिव्यांशी मिश्रा (13), विष्णु मिश्रा (7), काव्या (11), रुद्र प्रताप (6), अन्य उर्फ सूर्य प्रताप सिंह की पुत्री (9) तथा तेजल (15) शामिल हैं।
सूचना पर मुसाफिरखाना के उपजिलाधिकारी नितेश राज और सीओ गौरव मिश्रा सीएमओ अंशुमान सिंह ने अस्पताल पहुंचकर घायल बच्चों का हाल जाना और उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली।
भाले सुल्तान थाना प्रभारी निरीक्षक अजेयन्द पटेल ने बताया कि दुर्घटना के मामले में विधिक कार्रवाई की जा रही है।
Amethi, Amethi | Aug 31, 2026