बड़ेसरा (बृजनगर) में दो सगे जुड़वां भाइयों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, गृह राज्य मंत्री ने दिए निष्पक्ष जांच के निर्देश
भरतपुर। ग्राम बड़ेसरा (बृजनगर) में दो सगे जुड़वां भाइयों की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत की हृदयविदारक घटना के बाद गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेड़म घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया तथा शोकाकुल परिवार से मुलाकात कर अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं।
घटना की गंभीरता को देखते हुए गृह राज्य मंत्री ने संबंधित पुलिस अधिकारियों को मामले के प्रत्येक पहलू की गहनता से जांच करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जांच निष्पक्ष, पारदर्शी और त्वरित होनी चाहिए तथा किसी भी तथ्य की अनदेखी नहीं की जाए।
मंत्री ने निर्देश दिए कि जांच में जो भी दोषी पाया जाए, उसके विरुद्ध कानून के अनुसार कठोरतम वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि घटना की सच्चाई सामने आ सके और पीड़ित परिवार को न्याय मिल सके।
गृह राज्य मंत्री ने कहा कि इस कठिन समय में पीड़ित परिवार के साथ पूरी संवेदनशीलता और प्रतिबद्धता के साथ खड़े हैं। उन्होंने विश्वास दिलाया कि सच्चाई सामने लाने और दोषियों को उनके कृत्य की सजा दिलाने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
घटना को लेकर क्षेत्र में चिंता का माहौल है। अब सभी की निगाहें पुलिस जांच पर टिकी हैं, ताकि दोनों भाइयों की मौत के कारणों का खुलासा हो सके।
Weir, Bharatpur | Oct 20, 2026