चरनिया में रात्रि ठहराव के दौरान उपायुक्त ने सुनी ग्रामीणों की समस्याएं
उपायुक्त सतपाल शर्मा ने ग्रामीणों की समस्याओं के प्राथमिकता से समाधान करने के दिए निर्देश
11 केवी तार से लेकर पेयजल, सड़क, बिजली और जलनिकासी की समस्याओं पर उपायुक्त ने दिए समयबद्ध कार्यवाही के निर्देश
पंचकूला, 28 अगस्त : हरियाणा सरकार के घर-द्वार पर जनसमस्याएं सुनने और उनके समाधान के उद्देश्य से चलाए जा रहे कार्यक्रम के तहत उपायुक्त श्री सतपाल शर्मा ने गुरुवार रात राजकीय उच्च विद्यालय, चरनिया, खंड पिंजौर में आयोजित रात्रि ठहराव कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने डंगा निर्माण, पेयजल पाइपलाइन, ट्यूबवेल, सड़कों की मरम्मत, बिजली ट्रांसफॉर्मर, कच्चे रास्तों को पक्का करने तथा स्वच्छता सहित विभिन्न मांगों पर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इस अवसर पर अतिरिक्त उपायुक्त श्री विवेक आर्य, एसडीएम कालका श्री संयम गर्ग, जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी श्री विशाल पराशर, जिला वन मंडल अधिकारी श्री विशाल कौशिक, बीडीपीओ श्री विनय प्रताप तथा कालका के तहसीलदार श्री निखिल सिंगला सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
गांव चरनिया के ग्रामीणों ने गुरुद्वारा साहिब में आने वाली संगत की सुरक्षा के मद्देनजर 11 केवी हाईटेंशन वायर बदलने की मांग रखी। उपायुक्त ने मामले का संज्ञान लेते हुए उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम के संबंधित अधिकारियों को मौके का निरीक्षण कर बिजली की तारें बदलने के निर्देश दिए।
ग्रामीणों ने गांव में स्थापित अतिरिक्त ट्यूबवेल के अभी तक पूरी तरह संचालित न होने की शिकायत भी रखी। उपायुक्त ने जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग को ट्यूबवेल जल्द शुरू करने के निर्देश दिए। विभागीय अधिकारियों ने बताया कि आगामी 3-4 दिनों में बिजली कनेक्शन उपलब्ध हो जाएगा और 10 सितंबर तक ट्यूबवेल को पूर्ण रूप से संचालित कर दिया जाएगा।
उपायुक्त ने ग्रामीणों की मांग पर राजकीय उच्च विद्यालय, चरनिया में सफाई कर्मचारी-कम-चौकीदार की व्यवस्था करने के भी निर्देश दिए।
गांव चरनिया के पूर्व सरपंच ने गांव से गुजरने वाले नाले की मरम्मत की मांग रखी। उन्होंने बताया कि पूरे गांव का पानी नाले से होकर गुजरता है, लेकिन उचित व्यवस्था न होने के कारण बरसात में गंदा पानी गलियों में भर जाता है। उपायुक्त ने सरपंच और संबंधित अधिकारियों को नाले की जल्द मरम्मत करवाने के निर्देश दिए। ग्रामीणों ने राज्य सरकार की ओर से दिए गए 100-100 वर्ग गज के प्लॉटों तक जाने वाले रास्ते को पक्का करवाने की मांग भी रखी। उपायुक्त ने पंचायती राज विभाग के कार्यकारी अभियंता को रास्ता पक्का करवाने के निर्देश दिए।
ग्रामीणों ने गैस एजेंसी द्वारा सिलेंडर की सप्लाई के लिए कोई निश्चित समय निर्धारित नहीं होने की शिकायत की। इस पर उपायुक्त ने जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक को ग्रामीणों से बातचीत कर गैस एजेंसी के माध्यम से सिलेंडर वितरण का निश्चित समय तय करवाने के निर्देश दिए।
गांव करणपुर के ग्रामीणों ने बरसात के दौरान जलभराव की समस्या से अवगत करवाया। उन्होंने बताया कि पानी की निकासी की उचित व्यवस्था नहीं होने के कारण गांव में गंदा पानी जमा हो जाता है, जिससे असुविधा के साथ-साथ बीमारियां फैलने का खतरा भी रहता है।
उपायुक्त ने बीडीपीओ पिंजौर को मौके का निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
वहीं गांव गोरखनाथ के ग्रामीणों ने वर्षों पुराने बांध की खराब स्थिति की शिकायत की। ग्रामीणों के अनुसार बांध कई स्थानों से टूट चुका है, जिसके कारण बारिश के दौरान पानी आसपास के खेतों में भर जाता है और फसलों को नुकसान पहुंचता है। उपायुक्त ने बीडीपीओ पिंजौर, कृषि विभाग एवं पंचायती राज विभाग के एसडीओ को मौके का निरीक्षण कर जल्द रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
गांव पपलोहा में खेल स्टेडियम की चारदीवारी के निर्माण एवं मरम्मत की मांग पर उपायुक्त ने लोक निर्माण विभाग को जिला खेल अधिकारी के साथ समन्वय कर मौके का निरीक्षण करने और आवश्यकतानुसार एस्टिमेट तैयार करने के निर्देश दिए।
उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि रात्रि ठहराव कार्यक्रम के दौरान प्राप्त सभी शिकायतों और मांगों पर गंभीरता से कार्रवाई करते हुए जल्द रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए, ताकि प्राथमिकता के आधार पर समस्याओं का समाधान सुनिश्चित हो सके। उन्होंने कहा कि कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही या कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इससे पूर्व राजकीय उच्च विद्यालय, चरनिया पहुंचने पर गांव की सरपंच श्रीमती सविता तथा सरपंच एसोसिएशन, जिला पंचकूला के प्रधान एवं गांव कंडियाला के सरपंच श्री करण सिंह ने उपायुक्त का स्वागत किया।
इस अवसर पर करणपुर के सरपंच श्री जयराम, झोलूवाल के सरपंच श्री मनदीप, जिला परिषद सदस्य श्री राजिन्दर सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी भी उपस्थित रहे।
#panchkulanews #panchkula #panchkulasocialmedia
Panchkula, Panchkula | Aug 28, 2026