जनता दर्शन में गोकुल सेतिया ने सुनी समस्याएं, बोले- सिरसा के हालात पर सरकार को जवाब देना होगा
- सफाई कर्मचारियों की हड़ताल पर दोबारा हाईकोर्ट में रिट दायर करने की कही बात, उनका प्रयास रहेगा कि सफाई कर्मचारियों की जायज मांगों का समाधान भी हो और शहर की सफाई व्यवस्था भी तत्काल बहाल हो
- सफाई व्यवस्था, विकास कार्यों में अनियमितता और पर्यावरण संरक्षण के मुद्दे उठाए; बोले- जनता की आवाज विधानसभा में पूरी ताकत से उठाऊंगा
सिरसा।
सिरसा विधानसभा क्षेत्र के विधायक गोकुल सेतिया शुक्रवार को जनता दर्शन कार्यक्रम के तहत बेगू रोड पहुंचे और लोगों के बीच बैठकर उनकी समस्याएं सुनीं। इस दौरान बड़ी संख्या में लोगों ने सड़क, सफाई, विकास कार्यों, अधिकारियों की कार्यप्रणाली तथा अन्य जनसमस्याओं से विधायक को अवगत कराया। विधायक ने कहा कि जनता को अपनी समस्या के समाधान के लिए किसी सिफारिश की जरूरत नहीं होनी चाहिए और उनका प्रयास है कि मौके पर ही संबंधित अधिकारियों से बात कर समाधान का रास्ता निकाला जाए। गोकुल सेतिया ने कहा कि वह लगातार जनता के बीच जाकर उनकी समस्याएं सुन रहे हैं। उन्होंने कहा कि विधानसभा में जनता ने उन्हें जिस जिम्मेदारी के लिए भेजा है, उसे वह पूरी गंभीरता से निभाएंगे और सिरसा के लोगों की समस्याओं की आवाज विधानसभा के आगामी सत्र में भी मजबूती से उठाएंगे।
सफाई कर्मचारियों की हड़ताल पर हाईकोर्ट जाने की बात
शहर में पिछले कई दिनों से चल रही सफाई कर्मचारियों की हड़ताल पर विधायक ने कहा कि सफाई व्यवस्था ठप होने से बीमारी फैलने का खतरा बढ़ गया है। उन्होंने कहा कि सफाई कर्मचारियों की पिछली हड़ताल के दौरान भी उन्होंने पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट में रिट याचिका दायर की थी। सरकार ने उस समय अदालत में जवाब दिया था कि सफाई कर्मचारियों की कई मांगों को स्वीकार कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि अब सोमवार को दोबारा हाईकोर्ट में रिट दायर करने जा रहे हैं। उनका प्रयास रहेगा कि सफाई कर्मचारियों की जायज मांगों का समाधान भी हो और शहर की सफाई व्यवस्था भी तत्काल बहाल हो।
“15 अगस्त से पहले शहीद स्मारक चौक की सफाई तक नहीं हुई”
एक सवाल के जवाब में उन्होंने स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर शहर की सफाई व्यवस्था को लेकर सरकार और प्रशासन पर तीखा निशाना साधा। उन्होंने कहा कि आजादी की 80वीं वर्षगांठ मनाई जा रही है, लेकिन सिरसा में पहली बार ऐसा देखने को मिल रहा है कि 15 अगस्त से पहले शहीद स्मारक चौक तक की उचित सफाई नहीं हुई। उन्होंने कहा कि जिन शहीदों के बलिदान के कारण देश आजाद हुआ, उनके स्मारक के आसपास भी गंदगी के ढेर लगे हों तो इससे ज्यादा दुर्भाग्यपूर्ण स्थिति क्या हो सकती है। उन्होंने कहा कि शहर की सफाई व्यवस्था को लेकर सरकार और प्रशासन को गंभीरता से कदम उठाने होंगे।
लोकायुक्त में अधिकारियों के खिलाफ शिकायत का दावा
गोकुल सेतिया ने हॉर्टिकल्चर विभाग के एसडीओ और जेई के खिलाफ लोकायुक्त में शिकायत/अपील दायर करने की बात भी कही। उन्होंने कहा कि सरकारी धन से काम करने वाले अधिकारियों को जनता के काम को गंभीरता से लेना होगा। उन्होंने संकेत दिया कि लापरवाही और कथित अनियमितताओं के मामलों में दस्तावेज सामने रखकर कार्रवाई की मांग की जाएगी।
ग्राउंड वाटर रिचार्ज के नाम पर सीवरेज पानी डालने पर चिंता
जनता दर्शन के दौरान ग्राउंड वाटर रिचार्ज के नाम पर किए जा रहे बोरवेलों में सीवरेज का पानी डाले जाने के सवाल पर विधायक ने गंभीर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि यह मामला पर्यावरण और जनस्वास्थ्य से जुड़ा हुआ है और इसे हल्के में नहीं लिया जा सकता। उन्होंने कहा कि विधानसभा में प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के आंकड़ों के आधार पर सिरसा में पानी में मौजूद प्रदूषकों और रसायनों का मुद्दा उठाया गया है तथा घग्घर क्षेत्र में आवश्यक उपचार संयंत्र स्थापित करने की मांग भी रखी गई है। उन्होंने कहा कि भूजल और पर्यावरण संरक्षण के लिए सरकार को कठोर कदम उठाने होंगे।
पत्रकारिता के नाम पर लोगों को भ्रमित करने का आरोप
जनता दर्शन के दौरान विधायक ने कुछ लोगों पर पत्रकारिता की आड़ में लोगों को भ्रमित करने का आरोप लगाते हुए कहा कि पत्रकारिता सवाल पूछने और जनता की आवाज उठाने का माध्यम है। उन्होंने कहा कि शहर की सफाई, विकास कार्यों और नगर परिषद की कार्यप्रणाली पर भी सवाल पूछे जाने चाहिए। उन्होंने कहा कि बड़े लोगों की गाड़ियों और महंगी वस्तुओं की कीमत पूछने के बजाय पत्रकारों को जनता से जुड़े मुद्दों पर सवाल करने चाहिए। हालांकि उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि वह ईमानदारी से पत्रकारिता करने वाले पत्रकारों का सम्मान करते हैं।
“सिरसा की जनता की आवाज विधानसभा में गूंजेगी”
विधायक ने कहा कि उन्हें जनता ने जिस जिम्मेदारी के लिए चुना है, वह उससे पीछे नहीं हटेंगे। उन्होंने कहा कि सड़क हो, सफाई व्यवस्था हो, अधिकारियों की जवाबदेही हो या पर्यावरण का मुद्दा—हर विषय पर जनता की आवाज उठाना उनका दायित्व है। उन्होंने कहा कि “आपने मुझे जो ड्यूटी दी है, उसे निभाने के लिए मैं सड़क से लेकर विधानसभा तक आपकी आवाज उठाता रहूंगा। सिरसा के लोगों की दुख-तकलीफ विधानसभा में भी पूरी मजबूती से रखी जाएगी।” जनता दर्शन कार्यक्रम के दौरान विधायक ने लोगों को भरोसा दिलाया कि जनसमस्याओं के समाधान के लिए संबंधित विभागों के अधिकारियों से समन्वय किया जाएगा और जिन मामलों में प्रशासनिक स्तर पर कार्रवाई नहीं होगी, उन्हें उच्च स्तर पर उठाया जाएगा।
Sirsa, Sirsa | Aug 14, 2026