स्टेशन पहुंचे आरपीएफ के आईजी अमरेश कुमार, यात्रियों से किया सीधा संवाद
शौचालय, साफ-सफाई और सुरक्षा से जुड़ी समस्याओं को सुना, समाधान का दिया भरोसा
जहानाबाद : पटना-गया रेलखंड के जहानाबाद रेलवे स्टेशन को आरपीएफ के आईजी अमरेश कुमार ने औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्टेशन परिसर में यात्रियों से सीधा संवाद कर रेलवे की ओर से उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का जायजा लिया। यात्रियों ने आईजी के समक्ष शौचालय की व्यवस्था, साफ-सफाई और सुरक्षा से जुड़ी समस्याएं रखीं। आईजी ने सभी शिकायतों और सुझावों को गंभीरता से सुना तथा समस्याओं के समाधान का भरोसा दिलाया।आईजी अमरेश कुमार ने कहा कि रेलवे की ओर से विभिन्न स्टेशनों पर जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। इसका उद्देश्य यात्रियों से सीधे बातचीत कर उनकी वास्तविक समस्याओं और जरूरतों को समझना है। यात्रियों से प्राप्त सुझावों के आधार पर सुविधाओं में सुधार के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।अमृत भारत योजना के तहत हो रहा विकास कार्य को लेकर आईजी ने बताया कि अमृत भारत रेलवे स्टेशन का विकास किया जा रहा है। स्टेशन पर निर्माण कार्य जारी रहने के कारण यात्रियों को कुछ असुविधाओं का सामना करना पड़ रहा है। निर्माण कार्य पूरा होने तक यात्रियों की परेशानी कम करने के लिए जरूरी इंतजाम किए जाएंगे।उन्होंने कहा कि यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना रेलवे की प्राथमिकता है। जनसंवाद के माध्यम से सामने आने वाली समस्याओं को चिह्नित कर उनके समाधान की दिशा में काम किया जाएगा। आईजी के निरीक्षण और यात्रियों से सीधे बातचीत के बाद लोगों को उम्मीद है कि स्टेशन पर साफ-सफाई, शौचालय और सुरक्षा व्यवस्था में सुधार होगा।इस दौरान आईजी ने आरपीएफ पोस्ट का भी निरीक्षण किया, व दिशा निर्देश दिए, व यात्रियों ने जन संवाद के दौरान बताया कि पर्व को लेकर ट्रेन में भीड़ बढ़ गया है,इस दौरान ट्रेन को लेट आने से स्टेशन पर भीड़ बढ़ जाती है,इसका भी उन्होंने समाधान का भरोसा दिलाया। इस दौरान आरपीएफ व जीआरपी के साथ अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
Jehanabad, Jehanabad | Oct 23, 2026