शामली: सहारनपुर स्थित डीएम कार्यालय परिसर में कथित अवैध मस्जिद को कोर्ट के आदेश के बाद ध्वस्त किए जाने पर सांसद इकरा हसन ने कड़ी प्रतिक्रिया दी।
इकरा हसन ने कहा कि निचली सिविल कोर्ट का आदेश आने के बाद पूरे मस्जिद परिसर को सील कर दिया गया और आसपास बैरिकेडिंग कर दी गई। लोगों ने अधिकारियों से बात कर मामले में कुछ समय देने की मांग की थी, क्योंकि वे इस मामले को हाईकोर्ट में ले जाना चाहते थे।
उन्होंने आरोप लगाया कि समय दिए बिना सहारनपुर जिले के प्रमुख लोगों को उनके घरों तक सीमित कर दिया गया और सुबह-सुबह मस्जिद को ध्वस्त कर दिया गया।
इकरा हसन ने कहा, “यह बेहद शर्मनाक है। हम इस मामले को अदालत में ले जाएंगे, यह हमारा अधिकार है। लेकिन जिस तरीके से यह कार्रवाई की गई, वह दिखाता है कि लोकतंत्र की हत्या किस तरह की जा रही है। आजकल ‘क्विक जस्टिस’ को ही व्यवस्था बना दिया गया है। अगर हर फैसला केवल सरकारी आदेश के आधार पर होना है, तो फिर कानूनी व्यवस्था की क्या जरूरत है?”
उन्होंने इस पूरी कार्रवाई को बेहद निंदनीय बताया।