सावन के प्रथम सोमवार पर तामेश्वर धाम पहुंचे डीएम-एसपी, पूजा-अर्चना कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का लिया जायजा
संतकबीरनगर में सावन मास के प्रथम सोमवार पर आस्था का सैलाब उमड़ा। इस दौरान जिलाधिकारी आलोक कुमार और पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना ने प्राचीन तामेश्वर धाम मंदिर पहुंचकर भगवान शिव का विधि-विधान से पूजन-अर्चन और जलाभिषेक किया। उन्होंने जनपदवासियों के सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।
पूजा-अर्चना के बाद डीएम और एसपी ने मंदिर परिसर, प्रवेश और निकास मार्ग, बैरिकेडिंग, पार्किंग, सीसीटीवी कैमरों, कंट्रोल प्वाइंट तथा ड्यूटी प्वाइंट का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। अधिकारियों ने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को पूरी सतर्कता और संवेदनशीलता के साथ जिम्मेदारी निभाने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए भीड़ प्रबंधन, यातायात व्यवस्था, महिला सुरक्षा, चिकित्सा सहायता, पेयजल, स्वच्छता और आपातकालीन सेवाओं की भी समीक्षा की गई।
संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो और सभी व्यवस्थाओं पर लगातार निगरानी रखी जाए।
पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना ने बताया कि सावन मास और कांवड़ यात्रा को देखते हुए जनपद पुलिस पूरी तरह सतर्क है। सभी प्रमुख शिवालयों और धार्मिक स्थलों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है तथा सीसीटीवी के माध्यम से लगातार निगरानी की जा रही है।
उन्होंने श्रद्धालुओं से अपील की कि प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।