मदनपुर में गोमय मंगलदीप महोत्सव का भव्य आयोजन, वैदिक परंपरा से जगमगाया WEC केंद्र
औरंगाबाद। एकल ग्रामोत्थान फाउंडेशन द्वारा संचालित डब्ल्यूईसी महिला सशक्तिकरण केंद्र में दिव्य-भव्य गोमय मंगलदीप महोत्सव हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ।महोत्सव में देसी गाय के गोबर, गोमूत्र एवं गंगाजल के सम्मिश्रण से वैदिक विधानपूर्वक निर्मित दीपकों तथा धूपबत्ती को प्रज्वलित किया गया। प्रशिक्षणार्थी बहनों ने दीप ज्योति मंत्रोच्चार के साथ 21 गोमय दीप प्रज्वलित कर वातावरण को भक्तिमय कर दिया। उपस्थित जनों ने आयोजन को अद्भुत एवं विशुद्ध वैदिक महोत्सव बताया।
कार्यक्रम का शुभारंभ फाउंडेशन के अध्यक्ष जितेंद्र सिंह परमार की गरिमामयी उपस्थिति में विश्व हिंदू परिषद धर्म प्रसार के जिला प्रमुख राम पुकार बाबू, जिला सह मंत्री नवीन पाठक एवं समिति के उपाध्यक्ष, फिल्म लेखक-निर्देशक सुबोध कुमार ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलन कर किया।
इस अवसर पर परिषद के पदाधिकारियों ने कहा कि दीपावली के पावन पर्व पर गोमय निर्मित दीपक, धूपबत्ती एवं शुद्ध हल्दी उपहार पैकेट के निर्माण का प्रयास सनातन संस्कृति के संवर्धन में मील का पत्थर साबित होगा। इस वैदिक उपहार को प्रत्येक सनातन परिवार तक पहुंचाने के भागीरथी प्रयास के लिए उन्होंने फाउंडेशन को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
अध्यक्ष जितेंद्र सिंह परमार ने गौ महिमा पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए कहा कि गाय हमारी राष्ट्र माता है। वैदिक ऋषियों ने गौ माता को पूज्य स्थान प्रदान किया है। गाय का दूध, दही, घृत, गोबर एवं गोमूत्र औषधीय गुणों से युक्त हैं। जैसे जलों में गंगाजल श्रेष्ठ है, वैसे ही दुग्ध में गोदुग्ध अनुपम है। उन्होंने कहा कि कृषि प्रधान भारत में बैलों की उपयोगिता अद्वितीय है तथा गाय धर्म-अर्थ-काम-मोक्ष चारों की दाता होने के कारण कामधेनु कहलाती है।
महोत्सव में कोषाध्यक्ष अमित चौरसिया, धर्म रक्षक दिलीप प्रसाद, डब्ल्यूईसी इंटर्नशिप रेणु दीदी, सीटीएल कोऑर्डिनेटर रंजन कुमार सहित प्रशिक्षणार्थी बहनें एवं अन्य सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे। अंत में दीपावली की मिठाई एवं प्रसाद वितरण के साथ महोत्सव का समापन हुआ।