पंचकूला पुलिस ने पकड़े 3 ड्रग तस्कर
401 ग्राम चरस व 15 ग्राम हेरोइन बरामद, आरोपियों में हिमाचल प्रदेश का चरस सप्लायर भी शामिल
पंचकूला 5 नवंबर: पंचकूला पुलिस द्वारा नशा तस्करी के नेटवर्क को जड़ से खत्म करने के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है। पुलिस कमिश्नर आईपीएस पंकज नैन के निर्देशानुसार एंटी नारकोटिक्स सेल की टीमों ने दो अलग-अलग मामलों में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पहले मामले में 401 ग्राम चरस के साथ पकड़े गए आरोपी की निशानदेही पर हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले से उसका मुख्य सप्लायर गिरफ्तार किया गया, जबकि दूसरे मामले में 15 ग्राम हेरोइन के साथ एक स्थानीय तस्कर को काबू किया गया।
पहला मामला: 2 आरोपी गिरफ्तार, 401 ग्राम चरस बरामद, आरोपियों में कुल्लू से मुख्य सप्लायर भी शामिल
डीसीपी क्राइम एंड ट्रैफिक आईपीएस अमरिंदर सिंह के अनुसार एंटी नारकोटिक्स सेल की टीम को 02 नवंबर को गुप्त सूचना मिली थी कि अनिल कुमार निवासी न्यू इंदिरा कॉलोनी, मनीमाजरा, चंडीगढ़, सेक्टर-20 अनाज मंडी में चरस सप्लाई करता है। इन्चार्ज सौरव रावत की अगुवाई में टीम ने मौके पर पहुंचकर निगरानी शुरू की और आरोपी को काबू कर लिया। तलाशी लेने पर आरोपी की जेब से 401 ग्राम चरस बरामद हुई। थाना सेक्टर-20 में 2 नवंबर को एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया।
आरोपी को अदालत में पेश कर तीन दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया गया। पूछताछ में खुलासा हुआ कि वह हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले के रहने वाले राकेश कुमार से चरस खरीदकर लाता था। इसके बाद पुलिस टीम ने अनिल की निशानदेही पर जिला कुल्लू से राकेश कुमार को गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपियों को अदालत में पेश करने के बाद आज न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
दूसरा मामला: 15 ग्राम हेरोइन के साथ आरोपी गिरफ्तार
एसीपी क्राइम अमन कुमार के अनुसार दूसरे मामले में एंटी नारकोटिक्स सेल की टीम ने 03 नवंबर को सेक्टर-14 किसान मंडी के पास से पप्पू निवासी इंदिरा कॉलोनी, सेक्टर-17, पंचकूला, उम्र 34 वर्ष को गिरफ्तार किया। आरोपी पंचकूला और आसपास के क्षेत्रों में हेरोइन सप्लाई करता है तथा किसान मंडी के पास किसी ग्राहक को नशीला पदार्थ देने आने वाला था। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 15 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। थाना सेक्टर-14 में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया।
आरोपी को 4 नवंबर को अदालत में पेश कर दो दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया गया है। पुलिस उससे हेरोइन की खरीद-फरोख्त और सप्लाई नेटवर्क के संबंध में पूछताछ कर रही है।
पुलिस कमिश्नर का संदेश: पुलिस कमिश्नर आईपीएस पंकज नैन ने कहा कि नशे के खिलाफ कार्रवाई का उद्देश्य केवल नशीले पदार्थों की बरामदगी नहीं, बल्कि इसकी सप्लाई करने वाले पूरे नेटवर्क को खत्म करना है। छोटे सप्लायर से लेकर दूसरे राज्यों में बैठे मुख्य तस्करों तक हर कड़ी की पहचान कर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाना और नशा मुक्त समाज बनाना पंचकूला पुलिस की प्राथमिकता है। आमजन भी नशा तस्करी से जुड़ी किसी गतिविधि की सूचना पुलिस को देकर इस अभियान में सहयोग करें।
पंचकूला की हर बड़ी खबर के लिए Follow करें।
#panchkulanews #panchkula #panchkulasocialmedia