हनुमान मंदिर की दीवार पर आपत्तिजनक टिप्पणी से बवाल, ग्रामीणों ने थाने में दी शिकायत
मुरैना। सबलगढ़ थाना क्षेत्र के खेरला गांव में हनुमान मंदिर की दीवार पर आपत्तिजनक टिप्पणी लिखे जाने से ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीण थाने पहुंचे और पुलिस से आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि असामाजिक तत्वों ने गांव का माहौल बिगाड़ने के इरादे से मंदिर की दीवार पर आपत्तिजनक टिप्पणी लिखी है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया और ग्रामीणों से चर्चा की।
एसडीओपी उमेश मिश्रा ने बताया कि मंदिर की दीवार पर आपत्तिजनक टिप्पणी लिखे जाने की सूचना मिली है। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है। आरोपियों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं और साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस निगरानी कर रही है।
#मुरैना #morena #सबलगढ़ #हनुमान #मंदिर