झामुमो जिलाध्यक्ष संजय सिंह, महापौर प्रमिला मेहरा व उपमहापौर सुमित कुमार ने किया दुर्गा पूजा पंडालों का निरीक्षण, दो से तीन दिनों में व्यवस्था दुरुस्त करने का निर्देश।
गिरिडीह में दुर्गा पूजा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर झामुमो जिलाध्यक्ष संजय सिंह, महापौर प्रमिला मेहरा और उपमहापौर सुमित कुमार ने शहरी क्षेत्र के विभिन्न दुर्गा पूजा पंडालों का निरीक्षण किया। इस दौरान प्रशासनिक अधिकारियों, नगर निगम के पदाधिकारियों और पूजा समितियों के प्रतिनिधियों के साथ तैयारियों का जायजा लिया गया। महापौर ने साफ-सफाई, बिजली, पेयजल, सुरक्षा, यातायात प्रबंधन और अग्निशमन जैसी आवश्यक व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए सभी कमियों को दो से तीन दिनों के भीतर दूर करने का निर्देश दिया।
झामुमो जिलाध्यक्ष संजय सिंह ने कहा कि दिवंगत मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू प्रत्येक वर्ष दुर्गा पूजा की तैयारियों को लेकर पूजा समितियों से संपर्क करते थे और पंडालों में मौजूद कमियों को दूर कराने का प्रयास करते थे। इसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए इस वर्ष भी विभिन्न पूजा पंडालों का निरीक्षण किया गया। इस दौरान सामने आई समस्याओं को सूचीबद्ध कर संबंधित विभागों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
महापौर प्रमिला मेहरा ने कहा कि दुर्गा पूजा गिरिडीह शहर की आस्था और संस्कृति का महत्वपूर्ण पर्व है। इस दौरान लाखों श्रद्धालु पूजा पंडालों में दर्शन के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में श्रद्धालुओं को स्वच्छ, सुरक्षित और सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराना प्रशासन की जिम्मेदारी है। उन्होंने सभी पूजा पंडालों में साफ-सफाई, पर्याप्त रोशनी, निर्बाध बिजली आपूर्ति और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने का निर्देश दिया। साथ ही स्वास्थ्य विभाग को मेडिकल टीम और एम्बुलेंस की तैनाती तथा अग्निशमन की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।
महापौर ने शहरवासियों से अपील की कि वे स्वच्छता बनाए रखने और यातायात नियमों का पालन करने में प्रशासन का सहयोग करें, ताकि दुर्गा पूजा का त्योहार आपसी भाईचारे और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हो सके।
मौके पर उपमहापौर सुमित कुमार, नगर आयुक्त विजय सिंह बिरूवा, प्रशिक्षु आईएएस एस. कुमार, सदर एसडीओ धीरेन्द्र प्रसाद, उप नगर आयुक्त अशोक हांसदा, सिटी मैनेजर मंजूर आलम, विभिन्न विभागों के अभियंता, झामुमो के जिला उपाध्यक्ष अजित कुमार पप्पू, जिला प्रवक्ता कृष्ण मुरारी शर्मा, महानगर अध्यक्ष राकेश कुमार रॉकी, गिरिडीह साउंड यूनियन के जिला अध्यक्ष रामजी यादव सहित कई अधिकारी, जनप्रतिनिधि और अन्य लोग मौजूद थे।