बहराइच में दिल दहला देने वाला हादसा; घाघरा नदी किनारे 12 वर्षीय मासूम को खींच ले गया मगरमच्छ, मौत
बहराइच: उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले के बौंडी थाना क्षेत्र अंतर्गत मुरौवा (टिकुरी) गाँव में एक अत्यंत दर्दनाक और रोंगटे खड़े कर देने वाली घटना सामने आई है। यहाँ घाघरा नदी के किनारे हाथ-पैर धोने गए 12 वर्षीय मासूम सुनील को पानी में घात लगाए बैठे एक विशालकाय मगरमच्छ ने अपना शिकार बना लिया। घटना के समय बच्चा अपने चाचा के साथ खेत में धान की रोपाई करने के बाद नदी के समीप गया था। मगरमच्छ ने अचानक हमला कर बच्चे को अपने मजबूत जबड़ों में दबोच लिया। वहां मौजूद परिजनों और ग्रामीणों ने ईंट-पत्थर फेंककर वन्यजीव के चंगुल से बच्चे को छुड़ाने का अथक प्रयास किया, लेकिन शक्तिशाली मगरमच्छ मासूम को गहरे पानी में खींच ले गया।