बहराइच में दुर्गा प्रतिमा विसर्जन को शांतिपूर्ण, सुव्यवस्थित और सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है।
जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक बहराइच ने मिहींपुरवा तहसील स्थित गायघाट दुर्गा प्रतिमा विसर्जन स्थल का धरातलीय निरीक्षण किया और पूरी व्यवस्था का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान प्रशासनिक टीम ने विसर्जन स्थल पर सुरक्षा प्रबंधों, कानून-व्यवस्था, श्रद्धालुओं की सुगमता और यातायात प्रबंधन की बारीकी से समीक्षा की। जिलाधिकारी ने मौके पर मौजूद अधिकारियों को निर्देश दिए कि विसर्जन के दौरान श्रद्धालुओं को किसी भी तरह की असुविधा न हो और सभी व्यवस्थाएं समय रहते दुरुस्त कर ली जाएं।
इस दौरान मुख्य राजस्व अधिकारी, एसडीएम मिहींपुरवा, सीओ, तहसीलदार, एडीओ बलहा और स्थानीय थानाध्यक्ष समेत तमाम प्रशासनिक व पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।
प्रशासन की इस मुस्तैदी का मुख्य उद्देश्य दुर्गा प्रतिमा विसर्जन कार्यक्रम को पूरी सुरक्षा, सौहार्द और भक्तिमय वातावरण में संपन्न कराना है।