सरई पुलिस की बड़ी कार्रवाई: अवैध रेत का परिवहन करते बिना नंबर का ट्रैक्टर-ट्राली ज़ब्त, आरोपी गिरफ्तार
सरई सिंगरौली पुलिस अधीक्षक शियाज के. एम., अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सर्वप्रिय सिन्हा के निर्देशन तथा एसडीओपी देवसर श्रीमती गायत्री तिवारी के मार्गदर्शन में सरई थाना पुलिस ने अवैध रेत खनन एवं परिवहन के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की है। थाना प्रभारी निरीक्षक प्रहलाद सिंह मर्सकोले के नेतृत्व में पुलिस टीम ने अवैध रेत लदे एक लाल रंग के बिना नंबर के महिन्द्रा ट्रैक्टर-ट्राली को ज़ब्त कर आरोपी को गिरफ्तार किया है।
मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई
जानकारी के अनुसार, 04 अक्टूबर 2026 को शिकायत जांच के दौरान प्र.आर. लक्ष्मीकांत साहू को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम कोनी स्थित चुनाहिया नाला से अवैध रूप से रेत लोड कर एक ट्रैक्टर परिवहन कर रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने ग्राम कोनी मार्ग पर दबिश दी और चुनाहिया नाला की ओर से आ रहे महिन्द्रा 265 DI ट्रैक्टर को रुकवाया।
आरोपी के पास नहीं मिले वैध दस्तावेज़
ट्रैक्टर चालक से पूछताछ करने पर उसने अपना नाम अमन कुमार रावत (उम्र 21 वर्ष), पिता पप्पू रावत, निवासी इटमा (थाना सरई) बताया। ट्रैक्टर-ट्राली में भरी रेत के संबंध में जब पुलिस ने वैध दस्तावेज़ या रॉयल्टी पर्ची मांगी, तो चालक कोई कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका। पूछताछ में आरोपी ने अधिक लाभ कमाने के उद्देश्य से चोरी-छिपे अवैध खनन एवं परिवहन करने की बात स्वीकार की।
6.04 लाख का मशरूका ज़ब्त
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मौके से निम्नलिखित सामग्री ज़ब्त की:
बिना नंबर का महिन्द्रा 265DI ट्रैक्टर (लाल रंग) – कीमत लगभग ₹6,00,000
ट्राली में लोड आधी ट्राली (लगभग 2 घनमीटर) अवैध रेत – कीमत लगभग ₹4,000
कुल ज़ब्त संपत्ति की कीमत: ₹6,04,000
बीएनएस की धाराओं में मामला दर्ज
आरोपी के विरुद्ध सरई थाने में अपराध क्रमांक 817/2026 तथा बीएनएस (BNS) की धारा 303(2), 317(5) के तहत मामला दर्ज कर विवेचना में लिया गया है। उल्लेखनीय है कि आरोपी अमन कुमार रावत का पूर्व में भी आपराधिक रिकॉर्ड (अप.क्र. 167/2025, खान खनिज अधिनियम) रहा है।
सराहनीय भूमिका
इस कार्रवाई में प्रधान आरक्षक 249 लक्ष्मीकान्त साहू, आरक्षक 91 अनुराग मिश्रा, आरक्षक 546 अंकित शुक्ला, आरक्षक 375 शिवललन वैश्य, आरक्षक 686 अमर पासी तथा आरक्षक 171 कपिल बंसल की सराहनीय भूमिका रही।