गणित-विज्ञान शिक्षा को नई दिशा, प्रोजेक्ट बेस्ड लर्निंग पर शिक्षकों का हुआ विशेष प्रशिक्षण
रफीगंज (औरंगाबाद):
रफीगंज प्रखंड के कासमा रोड स्थित रानी ब्रजराज उच्च विद्यालय में शनिवार सुबह प्रखंड स्तरीय गणित-विज्ञान प्रोजेक्ट बेस्ड लर्निंग (PBL) कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला का शुभारंभ अकाउंटेंट पवन मिश्रा, प्रधानाध्यापक मुख्तार अहमद साबरी, शिक्षक सुधीर कुमार मिश्रा, जसवंत कुमार सिंह एवं अभय कुमार सिंह ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।
कार्यशाला को संबोधित करते हुए सुधीर कुमार मिश्रा ने प्रोजेक्ट बेस्ड लर्निंग (PBL) की अवधारणा, इसके उद्देश्य तथा आधुनिक शिक्षण में इसकी उपयोगिता पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि यह पद्धति विद्यार्थियों में रचनात्मक सोच, समस्या समाधान क्षमता और व्यावहारिक ज्ञान विकसित करने का प्रभावी माध्यम है।
वहीं जसवंत कुमार सिंह ने सभी प्रधानाध्यापकों से कहा कि माइक्रो इम्प्रूवमेंट प्रोजेक्ट प्रत्येक विद्यालय के लिए अनिवार्य है। जिन विद्यालयों में अभी तक PBL की शुरुआत नहीं हुई है, वे अविलंब इसे लागू करें ताकि बच्चों को गुणवत्तापूर्ण एवं गतिविधि आधारित शिक्षा मिल सके।
कार्यशाला में राजकीय मध्य विद्यालय रफीगंज के मस्कुर आलम, गोरडीहा के प्रभात रंजन, अमरपुरा के शिवकुमार प्रजापति, सीमवां के रामकुमार प्रसाद, खडवा के शशि शेखर मिश्रा, कासमा के पांडव प्रसाद गुप्ता, बेलहड़िया मध्य विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक मिथलेश प्रसाद सहित प्रखंड के सभी मध्य विद्यालयों के प्रधानाध्यापक, प्रभारी प्रधानाध्यापक एवं गणित-विज्ञान शिक्षक उपस्थित रहे।
कार्यशाला का उद्देश्य विद्यालयों में गतिविधि आधारित शिक्षण को बढ़ावा देना तथा विद्यार्थियों की सीखने की क्षमता को और अधिक प्रभावी बनाना रहा।