" सबका सम्मान, जीवन आसान "कार्यक्रम के तहत जिला पदाधिकारी ने सुनी आमजनों की समस्याएं, समयबद्ध निष्पादन के दिए निर्देश
36 आवेदनों पर हुई सुनवाई, संबंधित अधिकारियों को त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश
सहरसा, 24 जुलाई 2026
जिलाधिकारी श्री दीपेश कुमार (भा.प्र.से.) की अध्यक्षता में समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में "सेवा संवाद समाधान अनुसरण प्रणाली" के अंतर्गत आयोजित "सबका सम्मान, जीवन आसान" कार्यक्रम में आम नागरिकों की समस्याओं एवं शिकायतों की सुनवाई की गई। कार्यक्रम का उद्देश्य आमजन को सरकारी सेवाओं तक सहज एवं सरल पहुंच उपलब्ध कराना, उनकी समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करना तथा प्रशासन एवं जनता के बीच विश्वास एवं संवाद को और अधिक सुदृढ़ बनाना है। कार्यक्रम के दौरान जिला पदाधिकारी ने जिले के विभिन्न प्रखंडों एवं पंचायतों से आए नागरिकों से सीधे संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं को गंभीरतापूर्वक सुना तथा उनके त्वरित एवं प्रभावी निष्पादन के लिए संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। इसी क्रम में जिले के सभी वरीय पदाधिकारियों ने भी अपने-अपने कार्यालय कक्ष में आमजन की समस्याओं की सुनवाई कर उनके समाधान की दिशा में आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की। आज आयोजित जनसुनवाई में कुल 36 आवेदनों पर सुनवाई की गई तथा सभी मामलों के समयबद्ध निष्पादन के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया। सुनवाई के क्रम में श्री उग्रसेन पासवान (महिषी), श्री सदानंद कुमार (सलखुआ), ई. इंद्रजीत प्रसाद गुप्ता (सहरसा), श्री बिंदेश्वरी मेहता (काशीनगर, सोनवर्षा), श्री अरुण शर्मा (गम्हरिया, सहरसा) तथा श्री नुनूलाल साह (भगवानपुर, अमरपुर, कहरा) सहित अन्य आवेदकों द्वारा भूमि विवाद एवं अन्य जनसमस्याओं से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए गए।
प्राप्त आवेदनों के सम्यक एवं समयबद्ध निष्पादन हेतु अंचलाधिकारी महिषी, अंचलाधिकारी कहरा, अंचलाधिकारी सोनवर्षा, भूमि सुधार उप समाहर्ता (सदर) तथा भूमि सुधार उप समाहर्ता, सिमरी बख्तियारपुर सहित संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया। जिला पदाधिकारी ने कहा कि सभी मामलों का निष्पक्ष, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से निर्धारित समय-सीमा के भीतर निष्पादन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि शिकायतों के समाधान में किसी प्रकार की शिथिलता न बरती जाए तथा नागरिकों को अनावश्यक रूप से सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन आम नागरिकों की समस्याओं के समाधान के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध है। जनसुनवाई कार्यक्रम प्रशासन और जनता के बीच विश्वास एवं संवाद को सुदृढ़ करने का प्रभावी माध्यम है तथा इसके माध्यम से लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जा रहा है। कार्यक्रम के दौरान अपर समाहर्ता (आपदा प्रबंधन) श्री मुकेश कुमार, निदेशक, ग्रामीण विकास अभिकरण, सहरसा श्री पुलक कुमार सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे।