बकाया भुगतान नहीं हुआ तो भूख हड़ताल करेंगे राज्य कर्मचारी
मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपकर आंदोलन तेज करने की चेतावनी, मतदान के दौरान भोजन-नाश्ते के बहिष्कार का ऐलान
चूरू, 14 अक्टूबर। अखिल राजस्थान राज्य कर्मचारी संयुक्त महासंघ ने सेवारत और सेवानिवृत्त कर्मचारियों के बकाया भुगतान सहित विभिन्न मांगों को लेकर बुधवार को जिला कलेक्टर के माध्यम से मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। महासंघ ने मांगों का शीघ्र समाधान नहीं होने पर भूख हड़ताल सहित आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी।
महासंघ के जिलाध्यक्ष रिछपाल सिंह चारण ने कहा कि कर्मचारियों की ग्रेच्युटी, जीपीएफ, राज्य बीमा, समर्पित अवकाश और सेवानिवृत्ति परिलाभ का भुगतान आठ-आठ महीने तक लंबित है। इसके बावजूद देरी से भुगतान पर ब्याज नहीं दिया जा रहा। उन्होंने आरजीएचएस में कटौती और अप्रैल 2026 में स्वीकृत समर्पित अवकाश के भुगतान में देरी पर भी नाराजगी जताई।
जिला महामंत्री फूले सिंह बुरड़क ने कहा कि मांगों की अनदेखी से कर्मचारियों में आक्रोश है। चारण ने बताया कि पंचायत चुनाव की ट्रेनिंग के दौरान मतदानकर्मी भोजन और नाश्ते का बहिष्कार करेंगे। मतदान दलों के बूथों पर पांच दिन रहने के दौरान जिला परिषद-पंचायत समिति और सरपंच चुनाव के दोनों मतदान दिवसों पर पूरा दल उपवास रखकर मतदान करवाएगा।
शिक्षक संघ एसटीएफआई के प्रदेश उपाध्यक्ष भंवर लाल कसवां ने बताया कि 6 नवंबर को धनतेरस के दिन महासंघ के पदाधिकारी वित्त मंत्री दिया कुमारी के आवास पर काली दीपावली मनाएंगे। उन्होंने कहा कि 14 अक्टूबर को प्रदेशभर में जिला कलेक्टरों के माध्यम से मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन दिए गए हैं। जयपुर में प्रदेश नेतृत्व ने मुख्य सचिव और प्रमुख शासन सचिव, वित्त को भी ज्ञापन सौंपा। उन्होंने इसे कर्मचारियों के अधिकारों की लड़ाई बताते हुए मांगें नहीं माने जाने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी।
वनकर्मियों की सुरक्षा की मांग
इसी क्रम में वन एवं श्रमिक संघ के जिलाध्यक्ष बाबू खां ने भी मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। इसमें खनन माफिया के हमलों से वनकर्मियों की सुरक्षा, आवश्यक उपकरण और संसाधन उपलब्ध कराने तथा शहीद वनकर्मियों के परिजनों को सहायता देने सहित सात मांगें उठाई गईं।
इस दौरान अनिल लांबा, कमल कुमार रक्षक, नक्षत्र एलवा, सुरेंद्र सिंगड़, गजेंद्र सिंह, श्रवण कुमार, मुस्ताक खां, रणजीत सिंह, समुंदर सिंह, कन्हैयालाल, जोगेंद्र सिंह, निवास माली, बजरंगलाल, मातू सिंह, सुभाष सहारण, प्रमोद शर्मा, सत्यनारायण व्यास सहित अनेक कर्मचारी उपस्थित रहे।
#tharkiawaazajay #churu #govtemployees #ChuruNews #RajCMO
Churu, Churu | Oct 14, 2026