कर्णप्रयाग में खूनी संघर्ष: पार्किंग विवाद में निहंग यात्रियों का स्थानीय लोगों पर तलवारों से हमला, चार घायल
कर्णप्रयाग: उत्तराखंड के चमोली जिले में आज उस समय सनसनी फैल गई जब हेमकुंड साहिब की यात्रा से लौट रहे निहंग यात्रियों और स्थानीय व्यापारियों के बीच मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। जानकारी के अनुसार, कर्णप्रयाग बाजार में वाहन पार्किंग को लेकर हुई कहासुनी के बाद आक्रोशित यात्रियों ने धारदार हथियारों और तलवारों से स्थानीय लोगों पर जानलेवा हमला कर दिया। इस घटना में चार लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिनमें से एक की नाजुक हालत को देखते हुए उसे एयर एम्बुलेंस से उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर किया गया है। चमोली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को हिरासत में ले लिया है और उनके विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्यवाही शुरू कर दी है।