व्यापार मंडल, शिक्षण समिति और गोशाला चुनाव की बिसात बिछी: अध्यक्ष पद के लिए मनोज व सुशील मैदान में,
नामांकन वापसी आज 28 को मतदान
#lalbahadirbhakhar #pilibanga #hanumangarh #RajasthanNews #RajasthanPolitics #व्यापार_मंडल_पीलीबंगा
पीलीबंगा (हनुमानगढ़) :-लालबहादुर भाखर:- पीलीबंगा स्थानीय व्यापार मंडल, शिक्षण समिति तथा गोशाला सेवा समिति की कार्यकारिणी चुनाव को लेकर कस्बे में चुनावी सरगर्मी तेज हो गई है। बुधवार को निर्वाचन प्रक्रिया के तहत विभिन्न पदों के लिए प्राप्त नामांकन पत्रों की जांच पूरी होने के बाद प्रत्याशियों की अधिकृत सूची जारी कर दी गई है।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. जितेंद्र कुमार शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि व्यापार मंडल के अध्यक्ष पद के लिए मनोज कुमार एवं सुशील कुमार भादू के नाम शामिल हैं। वहीं उपाध्यक्ष पद के लिए अनिल कुमार स्वामी, विकास कुमार व हितेश कुमार बंसल, सचिव पद के लिए पवन कुमार व सर्वजीत सिंह कंग तथा कोषाध्यक्ष पद के लिए लोकेश कुमार एवं विनोद कुमार ने नामांकन प्रस्तुत किए हैं।
इसी प्रकार शिक्षण समिति के अध्यक्ष पद हेतु अशोक कुमार और शांति लाल के बीच मुकाबला तय माना जा रहा है। उपाध्यक्ष पद के लिए अंजन बोथरा, अमनदीप गर्ग व अशोक कुमार शर्मा, सचिव पद के लिए नवी कुमार बंसल व नीरज गुप्ता, उपसचिव पद हेतु भागीरथ व भीम सिंह तथा कोषाध्यक्ष पद के लिए रविंद्र कुमार व रामकुमार ने नामांकन दाखिल किए हैं। इसके अलावा गोशाला सेवा समिति अध्यक्ष पद के लिए जय भगवान एवं संजय कुमार तथा उपाध्यक्ष पद हेतु पुनीत कुमार लखोटिया मैदान में उतरे हैं।
सहायक निर्वाचन अधिकारी डॉ. अनिल कुमार जिंदल ने बताया कि चुनाव लड़ रहे प्रत्याशी 22 अक्टूबर को दोपहर 3 बजे तक व्यापार मंडल चुनाव कार्यालय में अपना नाम वापस ले सकते हैं। नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी होते ही प्रत्याशियों की अंतिम सूची जारी की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि आवश्यकता पड़ने पर 28 अक्टूबर को सुबह 8 बजे से दोपहर 2 बजे तक मतदान कराया जाएगा तथा मतदान संपन्न होने के तुरंत बाद मतगणना कर परिणाम घोषित किए जाएंगे। पूरी चुनाव प्रक्रिया को निष्पक्ष एवं सुचारू रूप से संचालित करने में सहायक निर्वाचन अधिकारी नौरंग लाल शर्मा भी सक्रिय सहयोग कर रहे हैं।