ओवरलोडिंग पर बड़ी कार्रवाई, 150 सवारियों से भरी बस समेत तीन वाहन सीज
शाहजहांपुर। सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए यातायात पुलिस व परिवहन विभाग ने संयुक्त अभियान चलाकर ओवरलोड वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की। बरेली मोड़ पर चेकिंग के दौरान एक प्राइवेट बस में निर्धारित क्षमता से कहीं अधिक करीब 150 यात्रियों के मिलने पर उसे सीज कर अजीजगंज पुलिस चौकी में खड़ा कराया गया। यात्रियों की सुविधा के लिए तत्काल रोडवेज की तीन बसों की व्यवस्था कर उन्हें गंतव्य के लिए रवाना किया गया।
अभियान के दौरान थाना खुटार क्षेत्र में एक ओवरलोड खनन वाहन और एक ओवरलोड ट्रक को भी सीज किया गया। वहीं यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले चार अन्य वाहनों के चालान किए गए। पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित के निर्देशन में हुई कार्रवाई के दौरान अधिकारियों ने वाहन चालकों से निर्धारित क्षमता के अनुसार ही वाहन संचालन करने की अपील की। पुलिस ने चेतावनी दी कि ओवरलोडिंग के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।