बिजली विभाग की लापरवाही, खेत में टूटकर गिरे बिजली के तार की चपेट में आई भैंस की मौत।
दैनिक वीरधरा राजस्थान।
बेंगु। बिजली विभाग की कथित घोर लापरवाही के चलते खेत में बिजली का तार टूटकर गिरने से एक दुधारू भैंस की करंट लगने से मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के दौरान खेत में काम कर रहे किसान गोदू लाल गुर्जर निवासी काटूंदा ने किसी तरह भागकर अपनी जान बचाई।
जानकारी के अनुसार खेत में काम चल रहा था, इसी दौरान बिजली का 1100 केवी बताया जा रहा विद्युत तार टूटकर दुधारू भैंस के ऊपर जा गिरा। तार में करंट प्रवाहित होने के कारण भैंस की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। अचानक हुए हादसे से किसान गोदू लाल गुर्जर भी घबरा गए और अपनी जान बचाने के लिए खेत से दूर भागे।
ग्रामीणों ने बिजली विभाग पर विद्युत लाइनों के रखरखाव में लापरवाही बरतने का आरोप लगाते हुए मामले की जांच और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। साथ ही पीड़ित किसान को मृत भैंस का उचित मुआवजा दिलाने की मांग भी की गई है।
ग्रामीणों का कहना है कि खेतों के ऊपर से गुजर रही विद्युत लाइनों की समय-समय पर जांच एवं आवश्यक मरम्मत नहीं होने के कारण इस प्रकार के हादसों का खतरा बना रहता है। ग्रामीणों ने विभाग से विद्युत लाइनों का तत्काल निरीक्षण करवाकर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है।