सियाडीह पंचायत में विशेष जन सहयोग शिविर आयोजित, कई समस्याओं का हुआ समाधान
बीडीओ कुमार विमलादित्य ने शिविर का किया निरीक्षण, लाभुकों के बीच बांटे गए पेंशन स्वीकृति पत्र व प्रमाण पत्र
चरपोखरी (भोजपुर)। चरपोखरी प्रखंड की सियाडीह पंचायत में मंगलवार को बिहार सरकार की महत्वाकांक्षी पहल के तहत विशेष जन सहयोग शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का नेतृत्व पंचायत के मुखिया लाल मुक्ति पासवान ने किया। इस दौरान पंचायत क्षेत्र के विभिन्न गांवों से पहुंचे लोगों की समस्याएं सुनी गईं और कई जनसमस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक पहल की गई। साथ ही संबंधित अधिकारियों को समस्याओं के निष्पादन को लेकर जरूरी दिशा-निर्देश दिए गए।
शिविर का प्रखंड विकास पदाधिकारी कुमार विमलादित्य ने जायजा लिया। उन्होंने शिविर में संचालित विभिन्न कार्यों की जानकारी ली और आम लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने से संबंधित व्यवस्था का निरीक्षण किया।
इस दौरान जरूरतमंद लाभुकों के बीच पेंशन स्वीकृति पत्र सहित कई प्रमाण पत्रों का वितरण किया गया। शिविर के माध्यम से लोगों को सरकारी योजनाओं और प्रशासनिक सेवाओं से जुड़ी सुविधाएं उपलब्ध कराने का प्रयास किया गया।
मौके पर प्रखंड विकास पदाधिकारी कुमार विमलादित्य, प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी (एमओ) दीपक कुमार अंशु, प्रखंड कल्याण पदाधिकारी अवनीश आनंद सहित अन्य कर्मी एवं संबंधित लोग मौजूद रहे।
विशेष जन सहयोग शिविर का उद्देश्य पंचायत स्तर पर लोगों की समस्याओं का समाधान करना और उन्हें सरकारी योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने की प्रक्रिया को आसान बनाना है।
Arrah, Bhojpur | Oct 29, 2026