मुकदमा दर्ज होने के बाद भी नहीं हुई गिरफ्तारी, पीड़ित ने लगाई इंसाफ की गुहार
पूर्व पार्षद व परिजनों पर मारपीट, धमकी और गर्भवती महिला से अभद्रता का आरोप
बरेली। थाना बारादरी क्षेत्र में मारपीट और घर में घुसकर उत्पात मचाने के मामले में मुकदमा दर्ज होने के बावजूद आरोपियों की गिरफ्तारी न होने से पीड़ित परिवार ने न्याय की गुहार लगाई है। पीड़ित ने वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों से मामले में शीघ्र कार्रवाई की मांग की है।
पीड़ित के अनुसार, 22 मई 2026 को दीवार में वाहन टक्कर मारने की शिकायत करने के बाद रंजिशन 11 जून 2026 की रात पूर्व पार्षद (सभासद) रूपेन्द्र पटेल उर्फ बबलू पटेल, उनके पुत्र सौरभ तथा अन्य लोगों ने घर के बाहर गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। विरोध करने पर आरोपियों ने उन्हें सड़क पर गिराकर मारपीट की। बचाने पहुंची उनकी पत्नी कमला को भी पीटा गया।
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि पुलिस के पहुंचने से पहले आरोपी लाठी-डंडे लेकर घर में घुस गए और गर्भवती महिला के साथ धक्का-मुक्की व अभद्रता की। पुलिस के आने पर आरोपी मौके से फरार हो गए।
पीड़ित का कहना है कि थाना बारादरी में मुकदमा दर्ज हो चुका है, लेकिन अब तक किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। इससे परिवार में भय और असुरक्षा का माहौल बना हुआ है। पीड़ित ने पुलिस प्रशासन से आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी कर निष्पक्ष कार्रवाई करने तथा परिवार को सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की है।
#वायरलनयूज़ #BAREILLYNEWS