ग्रामीण विकास एवं जन-संवाद : सांसद धर्मबीर सिंह ने कैरू में साधा संवाद, विकास को गति देने का दिया संकल्प
स्थानीय स्तर पर सुविधाएं मुहैया करवाकर विकास कार्यों में तेजी लाना सरकार का उद्देश्य : सांसद धर्मबीर सिंह
भिवानी, 29 सितंबर : भिवानी-महेंद्रगढ़ लोकसभा क्षेत्र से सांसद चौधरी धर्मबीर सिंह ने तोशाम विधानसभा क्षेत्र के गांव कैरू का दौरा कर ग्रामीणों तथा पंचायत प्रतिनिधियों के साथ सीधा संवाद कायम किया। इस दौरान गांव में चल रहे विकास कार्यों, पेयजल, सडक़, स्वच्छता और अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़े अहम मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान बीते दिनों सांसद राहत कोष से दिए गए ट्रैक्टरों को आज जनता को समर्पित किए गए।
सांसद चौधरी धर्मबीर सिंह ने गांव में स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि स्वच्छ गांव ही स्वस्थ और विकसित समाज की आधारशिला हैं। ग्रामीणों और पंचायत प्रतिनिधियों को स्वच्छता के प्रति जागरूक रहते हुए गांव की गलियों, सार्वजनिक स्थानों तथा आसपास के क्षेत्रों को साफ-सुथरा रखने में सक्रिय भागीदारी निभानी चाहिए। उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है।
सांसद चौधरी धर्मबीर सिंह ने अपने संबोधन में स्पष्ट किया कि वास्तविक विकास वही है, जो समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र और राज्य सरकार ग्रामीण भारत के समग्र उत्थान के लिए प्रतिबद्ध हैं। अनेक कल्याणकारी योजनाएं चलाई जा रही हैं, लेकिन उनका असली मकसद तभी पूरा होगा जब पात्र व्यक्ति को बिना किसी बाधा के उनका लाभ मिले। जनप्रतिनिधियों का यह पहला कर्तव्य है कि वे योजनाओं का प्रचार-प्रसार कर हर जरूरतमंद को जागरूक करें।
क्षेत्रीय प्रगति में जनभागीदारी को अनिवार्य बताते हुए सांसद ने ग्रामीणों से सामाजिक समरसता और आपसी भाईचारे को प्रगाढ़ करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि कोई भी क्षेत्र केवल सरकार या जनप्रतिनिधि के प्रयासों से समृद्ध नहीं बन सकता। जब गांव के लोग एकजुट होकर अपनी प्राथमिकताएं तय करते हैं और विकास की दिशा में सकारात्मक सहयोग देते हैं, तब गांव आदर्श बनते हैं।
ग्रामीणों द्वारा रखी गई सडक़, स्वच्छ पेयजल, शिक्षा, स्वास्थ्य, सफाई तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी मांगों पर प्रतिक्रिया देते हुए सांसद ने कहा कि इन सुविधाओं को बेहतर बनाना एक निरंतर प्रक्रिया है। उन्होंने आश्वस्त किया कि ग्रामीणों द्वारा उठाए गए प्रत्येक विषय को संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों और विभागीय उच्चाधिकारियों के समक्ष मजबूती से रखा जाएगा और समयबद्ध तरीके से मांगों को पूरा करवाने के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे।
इस अवसर पर गांव के सरपंच, पंचायत समिति सदस्य, वरिष्ठ नागरिक, युवा तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। ग्रामीणों ने सांसद के समक्ष गांव से जुड़े विभिन्न विषय रखे और क्षेत्र के विकास को लेकर अपने सुझाव भी साझा किए।