#सरकारी ट्यूबवेल से तार चोरी करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार, 18.750 किलो कॉपर तार और 60 हजार रुपये बरामद
गहमर। थाना गहमर पुलिस ने सरकारी ट्यूबवेल से मोटर व कॉपर तार चोरी करने के मामले का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 18 किलो 750 ग्राम कॉपर तार और चोरी के तार बेचकर मिले 60 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं। वहीं, घटना में शामिल दो अन्य आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए।
पुलिस के अनुसार, ग्राम भतौरा निवासी विजय कुमार राजभर ने 26 अगस्त को तहरीर देकर बताया था कि भतौरा स्थित सरकारी ट्यूबवेल संख्या 120ZG से अज्ञात चोर मोटर और अन्य तार काटकर चोरी कर ले गए हैं। तहरीर के आधार पर थाना गहमर में मुकदमा अपराध संख्या 185/2026, धारा 305 बीएनएस के तहत केस दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की गई।
पुलिस टीम ने 27 अगस्त को कर्मनाशा पुल के पास संदिग्धों की घेराबंदी कर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सतीश कुमार (19) निवासी बनारपुर, थाना चौसा, जिला बक्सर, बिहार और मनीष गुप्ता (21) निवासी बारा बाजार, थाना गहमर, गाजीपुर के रूप में हुई है।
पुलिस ने दोनों के कब्जे से चोरी का 18 किलो 750 ग्राम कॉपर तार तथा तार की बिक्री से प्राप्त 60 हजार रुपये नकद बरामद किए। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 317(2)/317(5) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई है।
पुलिस ने आरोपियों के पास से मिली अपाचे मोटरसाइकिल संख्या BR44W4210 को आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध नहीं होने के कारण धारा 207 एमवी एक्ट के तहत सीज कर दिया है।
पुलिस के मुताबिक मामले में फरार दो अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक इंदु कुमार तिवारी, कांस्टेबल संजय कुमार मिश्रा, शुभम कुमार, अजय कुमार गुप्ता, प्रशांत पांडेय सहित थाना गहमर की पुलिस टीम शामिल रही।