छठ पर्व को लेकर अलर्ट प्रशासन, डीएम और एसपी ने गंगा घाटों का किया निरीक्षण
गहरे पानी में बैरिकेडिंग, गोताखोरों की तैनाती और सीसीटीवी से होगी निगरानी
गाजीपुर। आगामी डाला छठ महापर्व को सकुशल एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस विभाग ने तैयारियां तेज कर दी हैं। शनिवार को जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने संयुक्त रूप से कोतवाली और सैदपुर थाना क्षेत्र के प्रमुख गंगा घाटों का स्थलीय निरीक्षण किया।
इस दौरान सिकंदरपुर, पीर नगर, ददरी घाट, साईं मंदिर, कलेक्टर घाट, फुलवारी खुर्द रामघाट, पक्का घाट और बूढ़े महादेव मंदिर घाट का निरीक्षण कर सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया।
अधिकारियों ने श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए गहरे पानी वाले स्थानों पर मजबूत बैरिकेडिंग कराने और चेतावनी बोर्ड लगाने के निर्देश दिए। साथ ही प्रशिक्षित गोताखोरों, नावों और जल पुलिस की तैनाती सुनिश्चित करने को कहा।
डीएम और एसपी ने घाटों एवं संपर्क मार्गों पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, साफ-सफाई, चेंजिंग रूम और सीसीटीवी कैमरों को सक्रिय रखने के निर्देश दिए। महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा के लिए महिला पुलिसकर्मियों एवं एंटी रोमियो स्क्वाड की तैनाती तथा घाटों तक पहुंचने वाले मार्गों पर सुचारू यातायात और पार्किंग व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।
निरीक्षण के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक नगर, क्षेत्राधिकारी नगर, एसडीएम सैदपुर, क्षेत्राधिकारी सैदपुर तथा कोतवाली एवं सैदपुर थाने के प्रभारी निरीक्षक सहित अन्य अधिकारी और पुलिसकर्मी मौजूद रहे।
Sevrai, Ghazipur | Nov 15, 2026