सेवा संकल्प यात्रा का मनोरथ सफल हो, भारत विश्वगुरु के रूप में स्थापित हो - विधानसभा अध्यक्ष श्री तोमर
सेवा, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और जनसहभागिता का संदेश लेकर वाराणसी से बड़नगर जा रही यात्रा का मुरैना में जगह-जगह आत्मीय स्वागत
सेवा, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और जनसहभागिता का संदेश लेकर वाराणसी से बड़नगर के लिए निकली सेवा संकल्प यात्रा के मुरैना जिले में प्रवेश पर बुधवार को बानमौर से मुरैना तक विभिन्न स्थानों पर पुष्पवर्षा एवं फूल मालाओं से आत्मीय स्वागत किया गया। विधानसभा अध्यक्ष श्री नरेन्द्र सिंह तोमर ने बानमौर में यात्रा की अगवानी की। यात्रा में शामिल सेवा यात्रियों के स्वागत के लिए जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, ग्रामीणों एवं स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
विधानसभा अध्यक्ष श्री नरेन्द्र सिंह तोमर ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश निरंतर प्रगति के पथ पर अग्रसर है। प्रधानमंत्री ने देश की सेवा में 25 वर्ष पूर्ण किए हैं। उनके नेतृत्व में भारत विकसित राष्ट्र बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प यात्रा का मनोरथ सफल हो और भारत विश्वगुरु के रूप में स्थापित हो, यही हमारी शुभकामना है। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिवस को सेवा संकल्प के रूप में एक माह तक मनाया जा रहा है। इस दौरान पौधरोपण, रक्तदान, नेत्रदान सहित विभिन्न सेवा गतिविधियों के माध्यम से समाज में सेवाभाव, भाईचारे और एकजुटता की भावना को सुदृढ़ करने का प्रयास किया जा रहा है।
विधानसभा अध्यक्ष श्री तोमर ने पश्चिम बंगाल एवं उत्तर प्रदेश से यात्रा में शामिल होकर आए सेवा यात्रियों का मुरैना की धरती पर स्वागत करते हुए उनके यात्रा-संकल्प की सफलता के लिए शुभकामनाएं दीं।
सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आयोजित यह यात्रा जनसेवा एवं राष्ट्रसेवा के 25 वर्षों के सेवा कार्यों तथा जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी जन-जन तक पहुंचाने के साथ ही स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और जनसहभागिता का संदेश दे रही है। यात्रा के दौरान विभिन्न स्थानों पर स्वच्छता एवं पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। साथ ही विकसित भारत और विकास के विभिन्न आयामों को चित्रों के माध्यम से अभिव्यक्त करने वाले विद्यार्थियों को उत्कृष्टता प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए।
मुरैना जिले में यात्रा के प्रवेश के अवसर पर नूरावाद मार्ग पर वृहद स्वच्छता अभियान आयोजित किया गया। निरावली, बानमौर, नूरावाद, टेकरी, जडेरूआ, छौंदा सहित विभिन्न स्थानों पर बाइक सवारों के समूह के साथ पहुंची यात्रा का नागरिकों ने पुष्पवर्षा एवं फूल मालाओं से आत्मीय स्वागत किया। ग्रामीणों एवं स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता कर सेवा, स्वच्छता और राष्ट्रहित के संदेश को आगे बढ़ाने का संकल्प व्यक्त किया।
नूरावाद स्थित पंचायत भवन परिसर में सेवा यात्रियों द्वारा वृहद पौधरोपण किया गया। इस अवसर पर नागरिकों को स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करते हुए स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण की शपथ दिलाई गई। नागरिकों से अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखने तथा अधिक से अधिक पौधे लगाने का आह्वान किया गया।
यात्रा का नेतृत्व श्री राघवेन्द्र सिंह एवं श्री सुधाशु सिंह कर रहे हैं। यात्रा में पश्चिम बंगाल से 23, पश्चिमी उत्तर प्रदेश से 17 तथा वाराणसी (काशी) से 12 सेवा यात्री शामिल हैं। कुल 26 बाइकों पर 54 सेवा यात्री यात्रा कर रहे हैं। मुरैना में यात्रा के पहुंचने पर सांसद श्री शिवमंगल सिंह तोमर,मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री कमलेश कुमार भार्गव, जिला अध्यक्ष श्री कमलेश कुशवाह, पूर्व मंत्री श्री गिर्राज डंडोतिया, श्री मुंशीलाल, पूर्व विधायक श्री राकेश मावई, सहित संबंधित विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
सांसद श्री शिवमंगल सिंह तोमर ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिवस को देशभर में सेवाभाव एवं विभिन्न रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से मनाया जा रहा है। इसी क्रम में वाराणसी से बड़नगर तक सेवा संकल्प यात्रा निकाली जा रही है। उन्होंने बताया कि यह यात्रा 24 एवं 25 सितम्बर को मुरैना जिले के विभिन्न स्थानों का भ्रमण करेगी।
यात्रा के नेतृत्वकर्ता श्री राघवेन्द्र सिंह ने बताया कि सेवा संकल्प यात्रा प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी की कर्मभूमि वाराणसी से प्रारंभ होकर उनकी जन्मभूमि बड़नगर तक जाएगी। यात्रा के दौरान लगभग 2 हजार किलोमीटर की दूरी तय की जाएगी, जिसमें से लगभग 800 किलोमीटर की यात्रा अब तक पूरी हो चुकी है। उन्होंने बताया कि पश्चिम बंगाल, काशी क्षेत्र एवं पश्चिमी उत्तर प्रदेश के 54 सेवा यात्री 26 बाइकों के साथ यात्रा में शामिल हैं। मध्यप्रदेश में प्रवेश के बाद विभिन्न स्थानों पर मिले आत्मीय स्वागत के लिए उन्होंने प्रदेशवासियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
#SewaSankalpAbhiyan #JansamparkMP #morena2026 #Morena #MadhyaPradesh Jansampark Madhya Pradesh