गाजीपुर। वाराणसी में अक्टूबर के आखिरी सप्ताह में प्रस्तावित एयर शो की तैयारियों का असर अब गाजीपुर तक पहुंच गया है। एयर शो के लिए भारतीय वायुसेना के छह MI-17 हेलीकॉप्टर अंधऊ एयरपोर्ट पर तैनात किए जाएंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रस्तावित उद्घाटन को देखते हुए प्रशासन ने अंधऊ एयर स्ट्रिप को तैयार करने की कवायद तेज कर दी है।
इसी क्रम में गुरुवार दोपहर करीब दो बजे जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने अंधऊ एयर स्ट्रिप और गेस्ट हाउस का निरीक्षण किया। डीएम ने बताया कि 29 सितंबर को वायुसेना की टीम अंधऊ पहुंचेगी। टीम एयर स्ट्रिप का निरीक्षण कर जरूरी तैयारियों का जायजा लेगी। करीब दो किलोमीटर लंबी हवाई पट्टी की साफ-सफाई और आवश्यक मरम्मत कराई जाएगी। साथ ही गेस्ट हाउस को भी तैयार किया जाएगा।
एयर स्ट्रिप की सुरक्षा और संचालन व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए बाउंड्री वॉल का निर्माण कराया जाएगा। इसके आसपास मौजूद अतिक्रमण और हवाई पट्टी के संचालन में बाधा बनने वाली अन्य रुकावटों को भी हटाया जाएगा। छह MI-17 हेलीकॉप्टरों की तैनाती को देखते हुए रनवे समेत अन्य जरूरी सुविधाओं को दुरुस्त करने की तैयारी है।
अंधऊ एयर स्ट्रिप का निर्माण वर्ष 1941-42 में हुआ था। अब एयर शो के बहाने इसके नवीनीकरण की दिशा में कदम बढ़ाए जा रहे हैं। डीएम के मुताबिक, एयर स्ट्रिप के नवीनीकरण का प्रस्ताव मंजूर हो चुका है। करीब 200 से 300 एकड़ में फैली इस एयर स्ट्रिप के अलावा जिले में लगभग 500 एकड़ डिफेंस लैंड भी है
प्रशासन की योजना एयर शो के बाद भी अंधऊ एयर स्ट्रिप के उपयोग को बढ़ाने की है। सिविल एविएशन विभाग की ओर से यहां भविष्य में इंटरनेशनल फ्लाइंग अकादमी बनाने का प्रस्ताव भी दिया गया है। ऐसे में एयर शो की तैयारियों के साथ ही अंधऊ एयर स्ट्रिप को भविष्य की विमानन गतिविधियों के लिए विकसित करने की दिशा में भी काम किया जा रहा है। #GhazipurNews