कंटेनर में छिपाकर ले जा रहे थे 71 किलो डोडाचूरा, दलौदा पुलिस ने हाईवे पर दबोचा
परचून के सामान की आड़ में चल रही थी नशे की खेप, चालक से पूछताछ के बाद सप्लायर भी गिरफ्तार
मंदसौर। महू-नीमच हाईवे पर दलौदा पुलिस ने नशे की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए परचून के सामान की आड़ में ले जाई जा रही 71 किलो डोडाचूरा की खेप पकड़ ली। पुलिस ने मौके से कंटेनर चालक को गिरफ्तार किया, वहीं पूछताछ के बाद कथित रूप से डोडाचूरा उपलब्ध कराने वाले आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार 18 सितंबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि नीले रंग के अशोक लीलेंड कंटेनर क्रमांक RJ14GP2337 में नीमच की ओर से डोडाचूरा भरकर रतलाम की तरफ ले जाया जा रहा है। सूचना मिलते ही दलौदा पुलिस टीम ने ग्राम लखमाखेड़ी के पास हाईवे पर नाकाबंदी कर दी।
कुछ देर बाद संदिग्ध कंटेनर पुलिस के घेरे में आया। तलाशी लेने पर वाहन में परचून के सामान के साथ चार प्लास्टिक कट्टे मिले। इनमें कुल 71 किलो डोडाचूरा बरामद हुआ। पुलिस ने कंटेनर चालक सुखराम पिता रामचन्द्र जाट, उम्र 33 वर्ष, निवासी बांदरसिंदरी, जिला अजमेर राजस्थान को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में सुखराम द्वारा पुलिस को दिए गए कथन के आधार पर ग्राम सगरग्राम, थाना जीरन क्षेत्र से गुरमित उर्फ हेप्पी पिता बल्देवसिंह तरखान, उम्र 40 वर्ष, निवासी हरसीपिंड जिला होशियारपुर पंजाब, हाल मुकाम सगरग्राम जिला नीमच को भी गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने 71 किलो डोडाचूरा की अनुमानित कीमत 10 लाख 65 हजार रुपये बताई है। इसके अलावा करीब 40 लाख रुपये कीमत का कंटेनर वाहन और उसमें भरा परचून का सामान भी जब्त किया गया है। दोनों आरोपियों से नशे की खेप और तस्करी से जुड़े अन्य तथ्यों को लेकर पूछताछ की जा रही है।
कार्रवाई थाना प्रभारी उपनिरीक्षक रविन्द्र प्रताप डांगी, सहायक उपनिरीक्षक प्रमोदसिंह तोमर सहित दलौदा पुलिस टीम द्वारा की गई।