हरियाली अमावस्या पर चित्रकूट में उमड़ा आस्था का सैलाब, लाखों श्रद्धालुओं की भीड़
*चित्रकूट।* श्रावण मास की हरियाली अमावस्या के पर्व पर बुधवार को धर्मनगरी चित्रकूट में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। लाखों की संख्या में श्रद्धालु चित्रकूट पहुंचे। मेला पर्व से एक दिन पहले चतुर्दशी से ही श्रद्धालुओं के आगमन का सिलसिला शुरू हो गया था, जो बुधवार को और तेज हो गया।
श्रद्धालु सबसे पहले *मां मंदाकिनी में आस्था की डुबकी* लगा रहे हैं। इसके बाद भगवान *मत्यगजेंद्रनाथ* के दर्शन कर भगवान *कामतानाथ* के दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं और कामदगिरि की परिक्रमा लगा रहे हैं। मंदिरों और परिक्रमा मार्ग पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ दिखाई दे रही है।
श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश, दोनों क्षेत्रों में प्रशासन ने सुरक्षा और सुविधाओं को लेकर व्यापक इंतजाम किए हैं। जगह-जगह पुलिस बल तैनात किया गया है। वहीं नगर परिषद चित्रकूट द्वारा श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए *खोया-पाया केंद्र, साफ-सफाई और पेयजल व्यवस्था* सहित अन्य जरूरी व्यवस्थाएं की गई हैं।
सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने के लिए सतना के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) *प्रेमलाल कुर्वे* लगातार चित्रकूट SDOP *राजेश बांजरे* के साथ मेला क्षेत्र का निरीक्षण कर रहे हैं। अधिकारियों द्वारा भीड़भाड़ वाले स्थानों और प्रमुख मार्गों पर व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी की जा रही है।
वहीं, अनुविभागीय अधिकारी एवं IAS *महिपाल सिंह गुर्जर* ने मेला क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर सेक्टर मजिस्ट्रेटों की तैनाती की है। सेक्टर मजिस्ट्रेट अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार निगरानी रख रहे हैं, ताकि श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो और मेला पर्व शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराया जा सके।
हरियाली अमावस्या पर चित्रकूट में उमड़े आस्था के इस सैलाब के बीच प्रशासन, पुलिस और नगर परिषद की टीमें सुरक्षा, यातायात, साफ-सफाई, पेयजल और श्रद्धालुओं की सुविधाओं को लेकर लगातार मैदान में सक्रिय हैं।