#भरतपुर। नदबई क्षेत्र में गुरुवार शाम से रात तक हुई 111 एमएम की मुसलाधार बारिश और तेज हवाओं ने किसानों के अरमानों पर पानी फेर दिया है। खेतों में कटकर रखी और खड़ी ज्वार-बाजरे की फसलें पानी में पूरी तरह जलमग्न हो गईं। बारिश का बहाव इतना तेज था कि कई जगह एक खेत की कटी फसल बहकर दूसरे खेत में जा पहुंची। महीनों की मेहनत और भारी लागत डूबने से किसान बेहद चिंतित हैं और अब अपने परिवारों के साथ पानी में तैरती फसल को जैसे-तैसे सुरक्षित निकालने की जद्दोजहद में जुटे हुए हैं।