➡️ कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल के निर्देश पर बड़ी कार्रवाई: शाहगढ़ में श्मशान घाट की शासकीय भूमि से हटाया गया अवैध कब्जा
➡️ शासकीय जमीनों पर अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं, राजस्व अमला पूरी मुस्तैदी से करे कार्यवाही: कलेक्टर
जिला प्रशासन द्वारा शासकीय भूमियों को अतिक्रमण मुक्त कराने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत आज एक बड़ी कार्रवाई की गई। कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल के सख्त रुख और स्पष्ट निर्देशों के बाद शाहगढ़ अनुभाग के ग्राम सेमरा रामचंद्र में श्मशान घाट की भूमि पर किए गए अवैध कब्जे को प्रशासनिक अमले द्वारा हटा दिया गया है।
उल्लेखनीय है कि विगत दिनों आयोजित समय-सीमा बैठक में कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल ने जिले के सभी राजस्व अधिकारियों को भू-माफियाओं और शासकीय जमीनों पर अवैध कब्जा करने वालों के खिलाफ सख्त कार्यवाही के निर्देश दिए थे।
कलेक्टर श्रीमती पाल ने निर्देश दिए थे कि सार्वजनिक उपयोग की भूमियों, गोचर, नदी-नालों और श्मशान घाट जैसी संवेदनशील शासकीय जमीनों पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यदि कहीं भी ऐसी शिकायत आती है, तो संबंधित अनुभाग के अधिकारी तत्काल मौके पर पहुंचकर बेदखली की कार्रवाई सुनिश्चित करें। कलेक्टर के इन्हीं निर्देशों के परिपालन में शाहगढ़ एसडीएम श्री नवीन सिंह ठाकुर के साथ राजस्व अमले ने ग्राम सेमरा रामचंद्र पहुंचकर श्मशान घाट की आरक्षित शासकीय भूमि का सीमांकन किया और उसे अतिक्रमण मुक्त कराया।
CM Madhya Pradesh Dr Mohan Yadav Jansampark Madhya Pradesh #JansamparkMP #sagar