यातायात माह: आरवीएस इंटरनेशनल स्कूल में छात्र-छात्राओं को किया गया जागरूक, दिलाई गई सड़क सुरक्षा की शपथ
सीओ थरियांव दुर्गेश दीप ने विद्यार्थियों को बताए यातायात नियम, हेलमेट व सीट बेल्ट के प्रयोग के साथ परिजनों को भी प्रेरित करने का किया आह्वान
फतेहपुर (निष्पक्ष धारा ब्यूरो)। यातायात माह नवंबर-2026 के अंतर्गत सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान के क्रम में शुक्रवार (27 नवंबर 2026) को आरवीएस इंटरनेशनल स्कूल, फतेहपुर में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। पुलिस अधीक्षक श्री अभिमन्यु मांगलिक के निर्देशन में क्षेत्राधिकारी थरियांव श्री दुर्गेश दीप ने विद्यालय के छात्र-छात्राओं को यातायात नियमों की जानकारी दी और उन्हें सड़क सुरक्षा की शपथ दिलाई।
कार्यक्रम के दौरान क्षेत्राधिकारी ने विद्यार्थियों को सुरक्षित यातायात के प्रमुख नियमों से अवगत कराते हुए कहा कि सड़क पार करते समय पूरी सावधानी बरतें, दोपहिया वाहन चलाते समय अनिवार्य रूप से हेलमेट पहनें, चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट का उपयोग करें तथा वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग कदापि न करें।
उन्होंने छात्र-छात्राओं से आह्वान किया कि वे स्वयं यातायात नियमों का पालन करने के साथ-साथ अपने परिवारजनों और आसपास के लोगों को भी सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करें, ताकि सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।