निकाय चुनाव के सियासी रण में अफवाहों का सैलाब, सोशल मीडिया पर घूम रही प्रत्याशी सूचियों से भाजपा ने किया किनारा
कोटा। निकाय चुनाव को लेकर सियासी सरगर्मियां तेज होते ही सोशल मीडिया पर कथित प्रत्याशी सूचियों की बाढ़ आ गई है। अलग-अलग वार्डों के नामों के साथ भाजपा की प्रत्याशी सूची बताकर कई सूचियां सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं। लगातार सामने आ रही इन सूचियों के बीच अब भाजपा संगठन को आधिकारिक तौर पर सफाई जारी करनी पड़ी है।
कोटा शहर भाजपा जिलाध्यक्ष राकेश जैन ने स्पष्ट किया है कि मीडिया या सोशल मीडिया पर जारी की जा रही भाजपा प्रत्याशियों की सभी सूचियां महज कयास हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा ने कोटा के किसी भी निकाय में अभी तक किसी भी प्रत्याशी का नाम तय नहीं किया है।
जिलाध्यक्ष राकेश जैन ने कार्यकर्ताओं और आमजन से अपील की है कि सोशल मीडिया पर वायरल हो रही अपुष्ट सूचियों पर भरोसा न करें। पार्टी की ओर से प्रत्याशियों के नाम तय होने के बाद ही अधिकृत रूप से इसकी जानकारी दी जाएगी।
इधर, टिकट की घोषणा से पहले ही संभावित दावेदारों के नामों को लेकर चर्चाओं का बाजार गर्म है। हर वार्ड में अपने-अपने प्रत्याशियों के नामों को लेकर दावे किए जा रहे हैं। ऐसे में भाजपा की सफाई के बाद फिलहाल वायरल सूचियों पर विराम लगने की उम्मीद है, लेकिन असली सियासी तस्वीर पार्टी की अधिकृत सूची जारी होने के बाद ही साफ होगी।
Ladpura, Kota | Aug 30, 2026