कूड़ा हमारा है तो सफाई भी हम करेंगे, घर हमारा है तो साफ भी हम ही रखेंगे : कार्तिकेय शर्मा
सेवा संकल्प अभियान के तहत राज्यसभा सांसद कार्तिकेय शर्मा और विधायक शक्ति रानी शर्मा ने चलाया स्वच्छता अभियान
पंचकूला, 23 सितंबर। सेवा संकल्प अभियान के तहत बुधवार को राज्यसभा सांसद कार्तिकेय शर्मा और कालका विधायक शक्ति रानी शर्मा ने कालका और पिंजौर में आयोजित स्वच्छता अभियानों में सहभागिता की। इस दौरान कालका कोर्ट परिसर में सफाई अभियान चलाया गया, जबकि पिंजौर धारा मंडल एवं गुरुद्वारा के पास स्थित सात बावड़ियों की सफाई की गई।
सांसद कार्तिकेय शर्मा और विधायक शक्ति रानी शर्मा ने स्वयं सफाई अभियान में हिस्सा लेकर लोगों को स्वच्छता के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का संदेश दिया। अभियान से पहले और बाद की तस्वीरों में सफाई के बाद बदली स्थिति स्पष्ट दिखाई दी। इस दौरान जनभागीदारी और सामूहिक प्रयास से सार्वजनिक एवं ऐतिहासिक जलस्रोतों को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने का संदेश दिया गया।
कार्तिकेय शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से प्रेरणा लेकर उन्होंने स्वच्छता को लेकर यह पहल की है। उन्होंने कहा कि स्वच्छ भारत अभियान ने स्वच्छता को केवल सरकारी कार्यक्रम न रखकर जनभागीदारी का आंदोलन बनाया है। इसी भावना को सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से आगे बढ़ाया जा रहा है।
उन्होंने कहा, “कूड़ा हमारा है तो सफाई भी हम करेंगे। घर हमारा है तो साफ भी हम ही रखेंगे। जिस तरह हम अपने घर की स्वच्छता की जिम्मेदारी लेते हैं, उसी तरह अपनी गली, मोहल्ले, गांव, शहर और सार्वजनिक स्थानों को स्वच्छ रखना भी हमारा दायित्व है।”
सांसद ने लोगों से अपील की कि स्वच्छता को किसी अभियान या विशेष दिन तक सीमित न रखें, बल्कि इसे अपनी दिनचर्या और जीवनशैली का हिस्सा बनाएं। उन्होंने कहा कि स्वच्छता अभियान आगे भी जारी रहेगा और सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों को इससे जोड़ा जाएगा।
कालका विधायक शक्ति रानी शर्मा ने भी अभियान में सहभागिता करते हुए लोगों से अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि स्वच्छ वातावरण स्वस्थ समाज की बुनियाद है और इसमें प्रत्येक नागरिक की भागीदारी जरूरी है।
अभियान के दौरान स्थानीय नागरिकों और कार्यकर्ताओं ने भी सफाई कार्य में सहयोग किया। कार्यक्रम के माध्यम से संदेश दिया गया कि स्वच्छता केवल अभियान नहीं, हम सभी की साझा जिम्मेदारी है।
अभियान के दौरान भाजपा हरियाणा के संगठन मंत्री फणीन्द्र नाथ शर्मा भी पिंजौर पहुंचे। उन्होंने कहा कि 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक सेवा संकल्प अभियान चलाया जा रहा है, जिसके तहत अलग-अलग कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि सांसद कार्तिकेय शर्मा ने अपनी टीम के साथ पिंजौर की सात बावड़ियों की सफाई में सहभागिता की है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा चलाए जा रहे स्वच्छ भारत मिशन में सभी को सहयोगी बनना चाहिए। उन्होंने कहा कि देश की जनता स्वच्छता को लेकर जागरूक हो रही है और जनभागीदारी से स्वच्छता अभियान को और मजबूती मिल सकती है।
इस अवसर पर नगर परिषद कालका के चेयरमैन कृष्ण लाल लांबा, प्रदेश महामंत्री गोपाल शर्मा और पंचकूला जिला अध्यक्ष अजय मित्तल सहित अन्य कार्यकर्ता एवं स्थानीय लोग मौजूद रहे।