11वें आयुर्वेद दिवस पर स्वास्थ्य जागरूकता एवं स्वास्थ्य शिविर का आयोजन
पंचकूला, 23 सितंबर: आज सनातन धर्म मंदिर, सेक्टर-16, पंचकूला में 11वें आयुर्वेद दिवस के उपलक्ष्य में स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम एवं स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में वार्ड नंबर 6 के पार्षद श्री पार्थ गुप्ता मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का आयोजन जिला आयुर्वेदिक अधिकारी डॉ. दिलीप मिश्रा की अध्यक्षता में किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि श्री पार्थ गुप्ता द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर उन्होंने उपस्थित लोगों को आयुर्वेद को अपनी दैनिक जीवनशैली में अपनाने की शपथ दिलाई। जिला आयुर्वेदिक अधिकारी डॉ. दिलीप मिश्रा ने शिविर में उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं एवं विभिन्न गतिविधियों की विस्तृत जानकारी दी तथा आयुर्वेद के माध्यम से स्वस्थ जीवनशैली अपनाने एवं रोगों की रोकथाम के महत्व के बारे में लोगों को जागरूक किया।
शिविर के दौरान आयुर्वेदिक ओपीडी एवं होम्योपैथिक ओपीडी संचालित की गईं, जिनमें बड़ी संख्या में लोगों ने स्वास्थ्य जांच, चिकित्सकीय परामर्श एवं उपचार संबंधी सेवाओं का लाभ उठाया। इसके अतिरिक्त, उपस्थित लोगों को पंचकर्म चिकित्सा एवं योग के महत्व तथा उनके स्वास्थ्य लाभों के बारे में भी जानकारी प्रदान की गई।
इस अवसर पर श्री पार्थ गुप्ता ने उपस्थित लोगों को आयुर्वेद को अपनी दैनिक जीवनशैली में अपनाने तथा समय-समय पर स्वास्थ्य जांच करवाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने सेक्टर-16 के निवासियों से स्वास्थ्य शिविर में पहुंचकर चिकित्सकीय जांच एवं परामर्श लेने का आह्वान किया।
श्री पार्थ गुप्ता ने स्वयं भी स्वास्थ्य शिविर में चिकित्सकीय जांच करवाकर चिकित्सकीय परामर्श लिया। इसके माध्यम से उन्होंने आमजन को नियमित स्वास्थ्य जांच एवं स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया।
शिविर में कुल 215 लोगों ने स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया।
शिविर का उद्देश्य आमजन को आयुर्वेद एवं समग्र स्वास्थ्य पद्धतियों के प्रति जागरूक करना तथा उन्हें उनके निकट स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करवाना रहा।