नकली नोट एवं ठगी गिरोह के 4 शातिर गिरफ्तार, भारी मात्रा में खिलौना/नकली नोट, 3 मोटरसाइकिल व 2 मोबाइल बरामद
नरपतगंज। नरपतगंज थाना क्षेत्र के झिंगली चौक के पास पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए नकली सोना/रुपया दिखाकर लोगों से ठगी एवं लूटपाट करने की फिराक में जुटे गिरोह के चार शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके पास से 500, 200 एवं 100 रुपये के नोटों के कुल 10 बंडल, 3 मोटरसाइकिल और 2 मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, 19 अगस्त 2026 को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ अपराधी झिंगली चौक के पास नकली सोना एवं रुपया दिखाकर लोगों से ठगी व लूटपाट करने की फिराक में एकत्रित हैं। सूचना के बाद नरपतगंज पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए थलहा नहर के पास घेराबंदी कर चार आरोपियों को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। वहीं चार अन्य आरोपी अंधेरे का लाभ उठाकर मौके से फरार होने में सफल रहे।
इस मामले में नरपतगंज थाना कांड संख्या 517/26 दर्ज किया गया है। पुलिस ने धारा 319(2), 318(4), 338, 336(3) एवं 340(2) BNS के तहत मामला दर्ज किया है। फरार आरोपियों के संबंध में पुलिस द्वारा बैंकवर्ड एवं फॉरवर्ड लिंकेज का पता लगाया जा रहा है।
गिरफ्तार आरोपियों का नाम व पता
पंकज कुमार पासवान (31 वर्ष), साकिन—मधुरा, थाना—नरपतगंज, जिला—अररिया।
मनोज पासवान (45 वर्ष), साकिन—मधुरा, थाना—नरपतगंज, जिला—अररिया।
मो. समीरुद्दीन (31 वर्ष), साकिन—खैरा गड़िया, थाना—नरपतगंज, जिला—अररिया।
चुड़ामणी चौधरी (38 वर्ष), साकिन—नेता चौक, थाना—हरेचा, जिला—मोरंग (नेपाल)।
बरामदगी
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के पास से 500, 200 एवं 100 रुपये के नोटों के कुल 10 बंडल बरामद किए। पुलिस के अनुसार, बंडलों के ऊपर और नीचे असली भारतीय नोट तथा बीच में खिलौना/नकली नोट रखे गए थे। इसके अलावा 3 मोटरसाइकिल एवं 2 मोबाइल फोन भी बरामद किए गए हैं।
अररिया पुलिस की इस कार्रवाई से ठगी एवं नकली नोट के जरिए लोगों को फंसाने वाले गिरोह में हड़कंप मचा है। पुलिस फरार चारों आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।
Araria, Araria | Aug 21, 2026