अटेर फोर्ट और चंबल तट का कलेक्टर-एसएसपी ने किया औचक निरीक्षण
पर्यटन विकास को लेकर कार्ययोजना बनाने के निर्देश, अवैध रेत उत्खनन पर जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाने को कहा
भिंड। जिले में पर्यटन को बढ़ावा देने, ऐतिहासिक धरोहरों के संरक्षण और चंबल नदी में अवैध रेत उत्खनन पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से गुरुवार को कलेक्टर श्री पंकज जैन और एसएसपी श्री सूरज कुमार वर्मा ने अटेर फोर्ट तथा चंबल नदी के तटीय क्षेत्रों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने संबंधित विभागों को सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और पर्यटन विकास के लिए प्रभावी कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर और एसएसपी ने सबसे पहले ऐतिहासिक अटेर फोर्ट का जायजा लिया। उन्होंने किले की स्थापत्य कला, सुरक्षा व्यवस्था और पर्यटकों के लिए उपलब्ध सुविधाओं का निरीक्षण किया। कलेक्टर श्री पंकज जैन ने कहा कि अटेर का किला जिले की ऐतिहासिक धरोहर है और यहां पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं। उन्होंने पुरातत्व विभाग और स्थानीय प्रशासन के समन्वय से पर्यटन विकास की योजनाएं तैयार करने पर जोर दिया, ताकि इस ऐतिहासिक स्थल को व्यापक पहचान मिल सके।
अवैध रेत उत्खनन पर सख्ती के निर्देश
इसके बाद अधिकारियों ने चंबल नदी के तटीय क्षेत्रों और घाटों का निरीक्षण किया। इस दौरान अवैध रेत उत्खनन और परिवहन पर प्रभावी रोक लगाने के लिए एसडीएम एवं पुलिस प्रशासन को आवश्यक निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने अवैध उत्खनन में संलिप्त लोगों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाने, नदी के संवेदनशील मार्गों पर गश्त बढ़ाने और चेक पोस्ट को सक्रिय रखने के निर्देश दिए। साथ ही अवैध गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने वालों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई करने को कहा गया।
कई विभागों के अधिकारी रहे मौजूद
संयुक्त निरीक्षण के दौरान एसडीएम अटेर डीसी सिंह, डिप्टी कलेक्टर सुश्री कविता, एसडीओपी अटेर श्री रविन्द्र वास्कले तथा थाना प्रभारी अटेर सहित पुलिस, वन और राजस्व विभाग के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
वरिष्ठ अधिकारियों ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने, क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और प्राकृतिक एवं ऐतिहासिक संपदाओं के संरक्षण के लिए प्रभावी कदम उठाने के निर्देश दिए।
Gormi, Bhind | Oct 29, 2026