श्रद्धालय वृद्धाश्रम में बुजुर्गों से संवाद एवं सम्मान समारोह सम्पन्न
--
अनुभव-कथन के माध्यम से बुजुर्गों ने साझा किए अपने अनुभव
----
#सेवा_संकल्प_अभियान अभियान के अंतर्गत सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग द्वारा स्थानीय श्रद्धालय वृद्धाश्रम में बुजुर्गों से संवाद, अनुभव-कथन एवं सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में अतिथियों ने वृद्धाश्रम में निवासरत बुजुर्गों से आत्मीय संवाद कर उनके अनुभव सुने और उनका सम्मान किया।
कार्यक्रम में नरेश राजपुरोहित, कालीचरण सोनवानिया, विपिन राठौर, डॉ. शरद विजयवर्गीय, ममता जोशी, संजय शर्मा एवं दिलीप पटोंदिया मंचासीन रहे। अतिथियों का स्वागत संस्था के सत्कार अधिकारी रामकिशोर पांडे, आश्रम निवासी महेश पाटीदार एवं प्रबंधक विद्या गुंजाल द्वारा किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ नूपुर कला केंद्र की बालिकाओं द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रम से हुआ। केंद्र संचालक श्रीमती वृषाली देशमुख के निर्देशन में बालिकाओं ने मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। इसके पश्चात अतिथियों द्वारा वृद्धाश्रम में निवासरत सभी बुजुर्गों का शॉल एवं पुष्पमाला से सम्मान किया गया।
इस अवसर पर आश्रम निवासी पूरनचंद सक्सेना एवं महेश पाटीदार ने अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने श्रद्धालय वृद्धाश्रम में उपलब्ध सुविधाओं एवं व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए आयोजन के प्रति आभार व्यक्त किया।
सेवा संकल्प अभियान के समन्वयक नरेश राजपुरोहित एवं विपिन राठौर ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस से प्रारंभ सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत देशवासियों के हित में विभिन्न जनकल्याणकारी एवं सेवा गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। अभियान का उद्देश्य समाज के प्रत्येक वर्ग तक सेवा और जनकल्याण की भावना को पहुंचाना है।
सत्कार अधिकारी जयंत जोशी ने बताया कि अटल वयो अभ्युदय योजना के अंतर्गत निर्धारित समस्त सुविधाएं श्रद्धालय वृद्धाश्रम में पूर्व से उपलब्ध कराई जा रही हैं। उन्होंने आश्रम में बुजुर्गों को प्रदान की जा रही सुविधाओं एवं व्यवस्थाओं की जानकारी भी दी।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर उपस्थितजनों को नशामुक्ति की शपथ दिलाई गई। आयोजन की सफलता में रानी पवार एवं तोताराम लववंशी का विशेष सहयोग रहा। कार्यक्रम के अंत में उप संचालक, सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग, श्री दिनेश वर्मा ने आभार व्यक्त किया।
#SevaSankalpAbhiyan
Jansampark Madhya Pradesh
7 views | Dhar, Madhya Pradesh | Oct 4, 2026