#सेवा_संकल्प_अभियान के अंतर्गत सरदारपुर क्षेत्र में ‘सरकार आपके द्वार’ कार्यक्रम का आयोजन उत्साह एवं गरिमामय वातावरण में किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ सरदारपुर विधायक श्री प्रताप ग्रेवाल, कलेक्टर श्री राजीव रंजन मीना एवं जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में पौधरोपण, दीप प्रज्वलन एवं कन्या पूजन के साथ हुआ। इस अवसर पर अतिथियों का भावभीना स्वागत किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सरदारपुर विधायक श्री प्रताप ग्रेवाल ने ‘सेवा संकल्प अभियान’ की रूपरेखा एवं उद्देश्यों की जानकारी देते हुए आमजन से अभियान का अधिक से अधिक लाभ लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाना अभियान का प्रमुख उद्देश्य है। विधायक श्री ग्रेवाल ने अनुविभागीय अधिकारी राजस्व को निर्देशित किया कि ‘सरकार आपके द्वार’ के अंतर्गत आयोजित होने वाले शिविरों में प्राप्त आवेदनों की नियमित समीक्षा की जाए। साथ ही, प्राप्त आवेदनों में से कितने आवेदनों का निराकरण किया गया है, इसका भी निरंतर आकलन किया जाए, ताकि लंबित प्रकरणों का शीघ्र निराकरण सुनिश्चित हो और अधिक से अधिक पात्र हितग्राहियों को शासन की योजनाओं का लाभ दिलाया जा सके।
कलेक्टर श्री राजीव रंजन मीना ने कहा कि ‘सरकार आपके द्वार’ शिविर का मुख्य उद्देश्य प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। उन्होंने समस्त विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि अपने-अपने विभागों की योजनाओं के अंतर्गत पात्र हितग्राहियों को चिन्हित कर उन्हें योजनाओं का लाभ दिलाना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि शिविरों के माध्यम से प्राप्त आवेदनों का प्रभावी निराकरण करते हुए पात्र हितग्राहियों को समय पर लाभान्वित किया जाए।
कार्यक्रम में अनुविभागीय अधिकारी द्वारा ‘सरकार आपके द्वार’ की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं के उद्देश्यों एवं प्रगति की जानकारी दी गई। शिविर में नागरिकों की समस्याओं के निराकरण एवं शासकीय योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए कुल 522 आवेदन प्राप्त हुए।
नगर परिषद राजगढ़ से 194 आवेदन प्राप्त हुए। इनमें राजस्व विभाग के 76, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के 45, सामाजिक न्याय विभाग के 33, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग के 27, नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के 11 तथा श्रम विभाग के 2 आवेदन शामिल हैं।
इसी प्रकार नगर परिषद सरदारपुर से 328 आवेदन प्राप्त हुए। इनमें राजस्व विभाग के 153, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के 81, महिला एवं बाल विकास विभाग के 32, नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के 31, श्रम विभाग के 19, सामाजिक न्याय विभाग के 6, सहकारिता विभाग के 5 तथा खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग का 1 आवेदन शामिल है।
कार्यक्रम में विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के अंतर्गत पात्र हितग्राहियों को लाभान्वित किया गया। प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना की हितग्राही पुष्पा दिनेश देवड़ा ने योजना से मिले वित्तीय सहयोग एवं अपने अनुभव साझा किए। लाड़ली लक्ष्मी योजना के अंतर्गत हितग्राही कृतिण विष्णु पडियार को स्वीकृति पत्र एवं लाभ प्रदान किया गया। वहीं लाड़ली बहना योजना की हितग्राही रीना चौहान ने योजना से परिवार के जीवन में आए सकारात्मक बदलावों की जानकारी दी। सभी हितग्राहियों ने प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी एवं मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव का हृदय से धन्यवाद ज्ञापित किया।
आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत महेश एवं पूजा को आयुष्मान कार्ड प्रदान किए गए। इस अवसर पर विभिन्न विभागों द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी नागरिकों को दी गई तथा पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ लेने के लिए मार्गदर्शन प्रदान किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न योजना अंतर्गत हितग्राहियों को हितलाभ वितरण किए गए।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय जनप्रतिनिधि, विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, ग्रामीणजन एवं हितग्राही उपस्थित रहे। ‘सरकार आपके द्वार’ कार्यक्रम के माध्यम से प्रशासन ने नागरिकों तक पहुंचकर उनकी समस्याओं के समाधान तथा शासन की योजनाओं का लाभ सुगमता से उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की।
#SevaSankalpAbhiyan
Jansampark Madhya Pradesh
7 views | Dhar, Madhya Pradesh | Oct 4, 2026