BAGHPAT DESK :-बागपत के रमाला थाना क्षेत्र स्थित बिराल गांव के ग्रामीण पीडब्ल्यूडी द्वारा जारी अतिक्रमण नोटिस के विरोध में कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन कर रहे हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) उनके 70 साल पुराने घरों को अवैध बताकर हटाने की तैयारी कर रहा है। इस प्रदर्शन को भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) का भी समर्थन मिला है।
दिल्ली-सहारनपुर हाईवे किनारे स्थित इस जमीन पर लगभग 120 परिवारों के मकान हैं। ग्रामीणों का कहना है कि वे पिछले 70 वर्षों से यहीं रह रहे हैं। कुछ जमीनें पुश्तैनी हैं, जबकि कुछ पर उन्होंने कानूनी रूप से घर बनाए हैं।
ग्रामीणों के अनुसार, सोमवार शाम को पीडब्ल्यूडी के अधिकारी गांव पहुंचे और जमीन की नाप-तौल शुरू कर दी। इसके बाद ग्रामीणों को उनके घरों को अवैध बताते हुए नोटिस जारी किए गए। ग्रामीणों का आरोप है कि इससे पहले कभी ऐसी कोई कार्रवाई नहीं हुई थी, लेकिन अब अचानक उनके आशियानों को उजाड़ने की कोशिश की जा रही है।