एडीएम विकास शर्मा की अध्यक्षता में पीएसी समीक्षा बैठक, विकास योजनाओं की प्रगति पर हुई चर्चा
भरमौर, 21 सितंबर।
उपमंडल भरमौर में विभिन्न विकासात्मक योजनाओं एवं कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा को लेकर कार्यक्रम सलाहकार समिति (पीएसी) की समीक्षा बैठक सोमवार को लघु सचिवालय भरमौर के सभागार में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी (एडीएम) भरमौर विकास शर्मा ने की।
बैठक में विभागवार विकास योजनाओं की वर्तमान स्थिति, निर्धारित लक्ष्यों, उपलब्धियों और लंबित कार्यों की विस्तार से समीक्षा की गई। एडीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक समयबद्ध तरीके से पहुंचाया जाए तथा निर्धारित लक्ष्यों को तय समय सीमा में पूरा करने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएं।
उन्होंने कहा कि विकास कार्यों के क्रियान्वयन में गुणवत्ता, पारदर्शिता और समयबद्धता का विशेष ध्यान रखा जाना चाहिए। जिन योजनाओं और विकास कार्यों में अपेक्षित प्रगति नहीं हो रही है, उनमें तेजी लाने के साथ आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
एडीएम ने अधिकारियों को विभागों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने, योजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग करने तथा प्रगति रिपोर्ट समय-समय पर प्रस्तुत करने को कहा। उन्होंने कहा कि प्रशासन का मुख्य उद्देश्य सरकार की विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित कर आमजन को अधिकतम लाभ पहुंचाना है।
बैठक में तहसीलदार भरमौर तेज राम भारद्वाज, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग भाल चंद, बीएमओ भरमौर डॉ. दीपेश बराल, बीडीओ भरमौर संजय वर्मा, उपमंडल आयुर्वेदिक अधिकारी डॉ. राजेश कुमार, विषयवाद विशेषज्ञ कृषि जितेंद्र कुमार, सहायक अभियंता जल शक्ति विभाग विवेक चंदेल, तहसील कल्याण अधिकारी विकास, सीडीपीओ मुनीश कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
Dharwala, Chamba | Sep 21, 2026