नमो युवा शक्ति नारी आजीविका महोत्सव में 500 दीदियों ने दिखाई प्रतिभा
खेलकूद, सांस्कृतिक कार्यक्रमों और मिलेट व्यंजनों ने बिखेरा उत्साह
===========================================================
प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर जिला स्तर पर “नमो युवा शक्ति” नारी आजीविका महोत्सव का आयोजन इंदिरा प्रियदर्शिनी ग्राउंड (शुक्ला ग्राउंड) छिन्दवाड़ा में किया गया। स्व-सहायता समूहों एवं उनके परिवारों की जनरेशन-ज़ेड युवतियों के लिए आयोजित इस युवा उत्सव में विकास, आत्मनिर्भरता और महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से खेलकूद एवं सांस्कृतिक गतिविधियों का आयोजन किया गया।
कलेक्टर श्री हरेंद्र नारायन एवं सीईओ जिला पंचायत श्री अग्रिम कुमार के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर श्री शेषराव यादव, श्री अजय सक्सेना, श्री संतोष पटेल सहित अन्य जनप्रतिनिधि तथा अपर कलेक्टर श्री धीरेन्द्र सिंह, जिला परियोजना प्रबंधक श्रीमती रेखा अहिरवार सहित अन्य अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में स्व-सहायता समूहों की सदस्य उपस्थित थी।
महोत्सव के दौरान यूथ मैराथन (दौड़ प्रतियोगिता), रस्साकशी, खो-खो, चेयर रेस सहित विभिन्न पारंपरिक खेलों का आयोजन किया गया। साथ ही प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता, सामूहिक योग, संगीत एवं नृत्य प्रतियोगिताएं तथा स्व-सहायता समूहों की सफलता की कहानियों का प्रस्तुतीकरण भी किया गया। कुकिंग प्रतियोगिता में मिलेट, प्रोटीन एवं पारंपरिक खाद्य पदार्थों पर आधारित व्यंजनों का प्रदर्शन किया गया, जिसकी अतिथियों ने सराहना करते हुए स्वाद भी ग्रहण किया।
कार्यक्रम में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली प्रतिभागियों को प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय पुरस्कार तथा प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए। जिले भर से आई लगभग 500 स्व-सहायता समूह सदस्यों ने उत्साहपूर्वक कार्यक्रम में भाग लेकर महिला सशक्तिकरण और आत्मनिर्भरता के संदेश को सशक्त बनाया।