सेवा संकल्प अभियान 2026 : आशीर्वाद के दीपों की रोशनी से जगमगाया छिंदवाड़ा जिला
जिले भर में प्रज्ज्वलित हुए 2 लाख से अधिक दीप
छिंदवाड़ा शहर के छोटा तालाब परिसर में सजी 25 हजार दीपों की अद्भुत श्रृंखला
=========================================================
प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की 25 वर्षों की अविरल सेवा-संकल्प यात्रा को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक संचालित किए जा रहे सेवा संकल्प अभियान-2026 के अंतर्गत गुरुवार की शाम जिले भर में “आशीर्वाद का दीया” कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। यह आयोजन अभियान के तहत जिले के लगभग 1 लाख 50 हजार लाभार्थी परिवारों के घरों में दीप प्रज्ज्वलित किए गए तथा सार्वजनिक स्थलों सहित कुल 2 लाख से अधिक दीपों का प्रज्ज्वलन कर प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के जन्मदिन की अवसर पर उनके दीर्घायु, स्वस्थ एवं यशस्वी जीवन की कामना की गई। कार्यक्रम में जिले भर के लगभग 8 लाख नागरिकों एवं विभिन्न सामाजिक, शैक्षणिक तथा स्वयंसेवी संस्थाओं की सहभागिता रही।
छोटा तालाब में आयोजित हुआ जिला स्तरीय मुख्य कार्यक्रम - जिला स्तरीय मुख्य कार्यक्रम छिंदवाड़ा शहर के स्थानीय छोटा तालाब स्थित सुभाष पार्क परिसर में जिला प्रशासन एवं नगर पालिक निगम छिंदवाड़ा के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया गया, जहां आकर्षक दीपोत्सव का दृश्य देखने को मिला। तालाब के तट एवं आसपास के क्षेत्र में लगभग 25 हजार दीपकों का सामूहिक प्रज्ज्वलन किया गया। दीपों की मनोहारी श्रृंखला ने पूरे परिसर को आलोकित कर दिया और उपस्थित नागरिकों ने उत्साहपूर्वक कार्यक्रम में भागीदारी निभाई। जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन शासन की ओर से छिंदवाड़ा जिले में सेवा संकल्प अभियान के सफल क्रियान्वयन के लिए नियुक्त नोडल अधिकारी प्रमुख सचिव तकनीकी शिक्षा, कौशल विकास एवं रोजगार तथा ऊर्जा विभाग श्री मनीष सिंह के मुख्य आतिथ्य में किया गया।
"आशीर्वाद का दीया" कार्यक्रम के अवसर पर श्री शेषराव यादव ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के तहत आज इतनी बड़ी संख्या में "आशीर्वाद के दीए" की रोशनी, आमजन के हृदय में हमारे देश के प्रधानमंत्री श्री मोदी के प्रति प्रेम को प्रदर्शित कर रही है। प्रधानमंत्री श्री मोदी ने भारत को पूरी दुनिया में एक अलग और नई पहचान दिलाई है। हर क्षेत्र में देश आगे बढ़ रहा है, निरंतर तरक्की कर रहा है। ऐसे प्रधानमंत्री की दीर्घायु के लिए आज उनके जन्मदिन के अवसर पर आशीर्वाद के दीप जलाए जा रहे हैं।
कार्यक्रम में कलेक्टर श्री हरेंद्र नारायन, पुलिस अधीक्षक श्री अजय पाण्डेय, अपर कलेक्टर श्री धीरेन्द्र सिंह, एसडीएम छिंदवाड़ा श्री सुधीर जैन, नगर निगम आयुक्त श्री सी. पी. राय, सीईओ जनपद पंचायत श्रीमती स्वाति सिंह सहित विभिन्न विभागों एवं नगर निगम के अधिकारी कर्मचारी, श्री धर्मेश मिगलानी, श्री रमेश पोफली, पार्षद श्री दिवाकर सदारंग, श्रीमती गरिमा दामोदर सहित अन्य पार्षदगण एवं जनप्रतिनिधि, मीडिया के प्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में शहरवासी उपस्थित थे, जिन्होंने आशीर्वाद के दीप प्रज्जवलन में सहभागिता की। कार्यक्रम में मंच संचालन नगर निगम के सहायक यंत्री श्री विवेक चौहान द्वारा किया गया और आभार प्रदर्शन सिटी मैनेजर एन. यू. एल.एम श्री उमेश पयासी ने किया।
जिले के 10 प्रतिष्ठित स्थलों पर विशेष सजावट के साथ किए गए दीप प्रज्ज्वलित - अभियान के अंतर्गत जिले के 50 ऐतिहासिक, धार्मिक एवं प्रमुख सार्वजनिक स्थलों को दीप प्रज्ज्वलन के लिए चिन्हित किया गया था। वहीं जिले के 10 प्रतिष्ठित स्थलों पर विशेष रोशनी एवं सजावट की गई। इनमें छिंदवाड़ा इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज ,बादल भोई आदिवासी संग्रहालय, छिंदवाड़ा रेलवे जंक्शन, जुन्नारदेव रेलवे स्टेशन, पातालकोट तामिया, देवगढ़ किला मोहखेड़, रामेश्वर धाम सिहोरामाल एवं पातालेश्वर मंदिर सहित अन्य प्रमुख स्थल शामिल रहे। जिले की विशिष्ट उपलब्धियों का प्रतिनिधित्व करने वाले पर्वतारोही, अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी, कृषक एवं शिल्पकारों को भी इस अवसर पर विशेष रूप से जोड़ा गया।