84 व्यापार मंडल ने नव नियुक्त एसडीएम अजय कुमार का किया स्वागत, व्यापारियों की समस्याओं और मणिमहेश यात्रा की तैयारियों पर हुई चर्चा
धार्मिक स्थलों पर बेहतर सुविधाएं, पार्किंग, यातायात, बिजली व पेयजल व्यवस्था मजबूत करने की उठाई मांग
हिमाचल 84 टीवी ब्यूरो भरमौर, 16 जुलाई:
जनजातीय क्षेत्र भरमौर में उपमंडलाधिकारी (नागरिक) के रूप में कार्यभार संभालने पर 84 व्यापार मंडल भरमौर के प्रतिनिधिमंडल ने नव नियुक्त एसडीएम अजय कुमार से शिष्टाचार भेंट कर उनका स्वागत किया। इस अवसर पर व्यापार मंडल की ओर से उन्हें शॉल एवं हिमाचली टोपी भेंट कर सम्मानित किया गया तथा सफल कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं दी गईं।
बैठक के दौरान व्यापार मंडल के प्रतिनिधियों ने स्थानीय व्यापारियों से जुड़ी विभिन्न समस्याओं के साथ-साथ आगामी पवित्र श्री मणिमहेश यात्रा को लेकर आवश्यक व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की। प्रतिनिधिमंडल ने प्रशासन से आग्रह किया कि यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं, स्थानीय व्यापारियों और आम जनता को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी आवश्यक प्रबंध समय रहते सुनिश्चित किए जाएं।
व्यापार मंडल ने क्षेत्र में बिजली, पेयजल, सड़क, स्वच्छता, पार्किंग और यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने की आवश्यकता पर भी जोर दिया। साथ ही चौरासी मंदिर परिसर, कार्तिक स्वामी मंदिर, बनी माता मंदिर, भरमाणी माता मंदिर तथा पवित्र श्री मणिमहेश डल झील सहित क्षेत्र के सभी प्रमुख धार्मिक स्थलों पर श्रद्धालुओं के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग रखी।
एसडीएम अजय कुमार ने व्यापार मंडल द्वारा उठाए गए सभी सुझावों और मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन देते हुए कहा कि प्रशासन सभी संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर मणिमहेश यात्रा और धार्मिक स्थलों पर बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
इस अवसर पर 84 व्यापार मंडल के वरिष्ठ सदस्य देशराज शर्मा, प्रधान महेंद्र पटियाल, सचिव अभिलाष पटियाल, वरिष्ठ उपाध्यक्ष पवन पटियाल, कोषाध्यक्ष कालू शर्मा तथा प्रेस सचिव प्यार शर्मा सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।