4,399 दिन पूरे कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रचा इतिहास, गया में भाजपा प्रदेश महामंत्री धनराज शर्मा का भव्य अभिनंदन, धनराज शर्मा ने कहा, उनका प्रत्येक क्षण संगठन और पार्टी के कार्यों के लिए समर्पित रहेगा।
गया: भारतीय जनता पार्टी के नवनियुक्त बिहार प्रदेश महामंत्री धनराज शर्मा के गया आगमन पर बुधवार को मगध मेडिकल कॉलेज के चौहड़ मोड़ स्थित एक निजी होटल में भव्य अभिनंदन समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता, पदाधिकारी एवं समर्थक मौजूद रहे। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लगातार 4,399 दिनों तक प्रधानमंत्री पद पर रहने की ऐतिहासिक उपलब्धि को लेकर भी विशेष प्रेस वार्ता आयोजित की गई।
समारोह में उपस्थित लोगों ने फूल-मालाओं एवं अंगवस्त्र देकर बिहार भाजपा के नवनियुक्त प्रदेश महामंत्री धनराज शर्मा का जोरदार स्वागत किया। कार्यकर्ताओं में उनके प्रदेश महामंत्री बनने को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला। कार्यक्रम के दौरान भाजपा नेताओं ने इसे गया जिले के लिए गर्व और सम्मान का विषय बताया।
प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए धनराज शर्मा ने कहा कि पार्टी के राष्ट्रीय नेतृत्व, राष्ट्रीय अध्यक्ष, प्रदेश अध्यक्ष एवं संगठन मंत्री ने उन पर जो विश्वास जताया है, उसके लिए वे सभी के प्रति हृदय से आभार व्यक्त करते हैं। उन्होंने कहा कि एक सामान्य कार्यकर्ता के रूप में संगठन में काम करते हुए उन्हें जो जिम्मेदारी मिली है, वह उनके लिए सम्मान के साथ-साथ बड़ी जवाबदेही भी है।
उन्होंने कहा, “राष्ट्रीय और प्रदेश नेतृत्व ने मुझ पर जो भरोसा किया है, उस पर मैं पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ खरा उतरने का प्रयास करूंगा। पार्टी ने मुझे जो दायित्व सौंपा है, उसका पूरी जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करूंगा। कार्यकर्ताओं का सम्मान और संगठन की मजबूती मेरी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी।”
धनराज शर्मा ने कहा कि उनका प्रत्येक क्षण संगठन और पार्टी के कार्यों के लिए समर्पित रहेगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि बिहार में भाजपा संगठन को और मजबूत बनाने के लिए वे निरंतर कार्य करेंगे तथा गया जिले के गौरव को बढ़ाने का हर संभव प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता ही पार्टी की सबसे बड़ी ताकत हैं और उनके सम्मान में किसी प्रकार की कमी नहीं आने दी जाएगी। इस अवसर पर उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ऐतिहासिक उपलब्धि का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश के लोकतांत्रिक इतिहास में एक नया अध्याय जोड़ते हुए 4,399 दिनों तक प्रधानमंत्री पद पर रहकर नया कीर्तिमान स्थापित किया है। यह उपलब्धि न केवल भाजपा कार्यकर्ताओं के लिए बल्कि देशवासियों के लिए भी गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने वैश्विक स्तर पर अपनी अलग पहचान बनाई है। देश ने विकास, आधारभूत संरचना, डिजिटल क्रांति, आत्मनिर्भरता, गरीब कल्याण और राष्ट्रीय सुरक्षा के क्षेत्र में अभूतपूर्व प्रगति की है। यही कारण है कि आज नरेंद्र मोदी विश्व के सबसे लोकप्रिय नेताओं में शुमार हैं।
धनराज शर्मा ने बताया कि प्रधानमंत्री की इस ऐतिहासिक उपलब्धि के उपलक्ष्य में भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा गया सहित विभिन्न स्थानों पर मंदिरों और मठों में विशेष पूजा-अर्चना की गई। कार्यकर्ताओं ने भगवान से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और देश की निरंतर प्रगति की कामना की।
उन्होंने कहा, “हम सभी भगवान से प्रार्थना करते हैं कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी स्वस्थ रहें, दीर्घायु हों और इसी प्रकार देश की सेवा करते रहें। उनके नेतृत्व में भारत लगातार नई ऊंचाइयों को छू रहा है और आने वाले वर्षों में देश और अधिक सशक्त एवं विकसित राष्ट्र बनेगा।”
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित कार्यकर्ताओं ने संगठन को मजबूत बनाने तथा आगामी राजनीतिक चुनौतियों का मजबूती से सामना करने का संकल्प लिया। समारोह का माहौल उत्साह, जोश और संगठनात्मक एकता से सराबोर रहा।
#gayakepublic
#BJPGovernment
#बीजेपीसरकार
#BJPBihar
BJP Bihar R.J.D - राष्ट्रीय जनता दल